CG News: राज्य वन्यजीव बोर्ड की 16वीं बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा, सीएम साय की अध्यक्षता में लिए गए अहम निर्णय
CG News: विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड की 16वीं बैठक आयोजित हुई, बैठक में 15वीं बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई और नए प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई, विभिन्न प्रस्तावों को राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजने पर सहमति बनी.
वन्यजीव संरक्षण पर मुख्यमंत्री का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि, वन्यजीव हमारी प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं, उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं, उन्होंने अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने, सतत निगरानी रखने और जनभागीदारी बढ़ाने पर बल दिया, साथ ही वनों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों और युवाओं को जागरूक करने की आवश्यकता भी बताई, उन्होंने न्यूनतम हस्तक्षेप के सिद्धांत को अपनाते हुए जरूरी कार्यों को प्राकृतिक आवास को नुकसान पहुंचाए बिना पूरा करने की बात कही.

स्थायी समिति के गठन को मंजूरी
बैठक में राज्य वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति के गठन को मंजूरी दी गई, यह समिति वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री की अध्यक्षता में बनेगी और इसमें 11 अन्य सदस्य शामिल होंगे, समिति बनने से वन्यजीव क्षेत्रों से जुड़े प्रस्तावों का त्वरित निपटारा हो सकेगा और स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी आएगी.
टाइगर रिजर्व और अभ्यारण्य से जुड़े प्रस्ताव
बैठक में उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व में जलाशय, ऑप्टिकल फाइबर और सीआरपीएफ कैंप से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई, इसके अलावा गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान और सेमरसोत अभ्यारण्य में भी आवश्यक कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया.
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक धर्मजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बोर्ड सदस्य उपस्थित रहे, सभी ने वन्यजीव संरक्षण और विकास कार्यों के संतुलन पर सहमति जताई, यह बैठक राज्य में वन्यजीव संरक्षण को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.



