Jashpur News: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जशपुर में भव्य सामूहिक विवाह, 48 जोड़े बंधे पवित्र बंधन में
Jashpur News: जशपुर जिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 48 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शहर के वरिष्ठ कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सभी जोड़े विवाह बंधन में बंधे.

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दिया आशीर्वाद
राजधानी रायपुर से वर्चुअल रूप से जुड़े मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवविवाहित जोड़ों को स्नेहपूर्ण आशीर्वाद दिया, उन्होंने कहा कि, यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए सम्मानजनक विवाह सुनिश्चित कर सामाजिक सुरक्षा और आत्मविश्वास प्रदान कर रही है.
![]()
35 हजार रुपये की सहायता प्रदान
सरकार की योजना के तहत प्रत्येक नवदंपत्ति को 35 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया, साथ ही गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए दैनिक उपयोग की सामग्री और बर्तन सेट भी दिए गए, प्रतीकात्मक रूप से दो जोड़ों को चेक और विवाह प्रमाण पत्र मंच से प्रदान किए गए, जबकि शेष सभी को निर्धारित लाभ उपलब्ध कराए गए.

विवाह प्रमाण पत्र से मिली कानूनी मान्यता
सभी 48 जोड़ों को मौके पर ही विवाह प्रमाण पत्र सौंपे गए, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी या औपचारिक परेशानी का सामना न करना पड़े, इन जोड़ों में एक दिव्यांग जोड़ा भी शामिल रहा, जिनकी नई जीवन यात्रा ने समारोह को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया.
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गरिमामय आयोजन
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने नवदंपत्तियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं, समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया.



