CG News: रायपुर में प्रदेश का पहला हाईटेक महतारी सदन सह आंगनबाड़ी केंद्र तैयार, बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष डिजाइन
CG News: रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र में 85 लाख रुपये की लागत से 4500 वर्गफुट में निर्मित यह हाईटेक महतारी सदन बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, केंद्र में पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ खेल–खेल में सीखने की व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चों की सीखने की प्रक्रिया रोचक और प्रभावी बनेगी.
![]()
स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक प्ले एरिया
इस अत्याधुनिक केंद्र में स्मार्ट क्लासरूम, इंडोर और आउटडोर प्ले एरिया, स्वच्छ रसोईघर, बच्चों के लिए डायनिंग एरिया, स्टोर रूम और प्रशासनिक कक्ष उपलब्ध हैं, महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालयों की सुविधा भी दी गई है, पर्याप्त जगह होने से बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से मिल सकेंगी.

सीमित संसाधनों की समस्या से समाधान
प्रदेश के पुराने आंगनबाड़ी केंद्र सीमित जगह में संचालित होते थे, जहां कई गतिविधियां एक ही कमरे में करनी पड़ती थीं, इसे ध्यान में रखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने नए हाईटेक आंगनबाड़ी केंद्र बनाकर बच्चों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की है.

खेल और मनोरंजन के माध्यम से सीखने पर जोर
केंद्र में बच्चों के मनोरंजन और शिक्षा के लिए फिसलपट्टी, झूला, शतरंज, बास्केटबॉल, सांप–सीढ़ी, कैरम सहित कई प्रकार के इंडोर और आउटडोर खेलों की व्यवस्था है, इसे केवल आंगनबाड़ी केंद्र तक सीमित न रखते हुए समग्र विकास केंद्र के रूप में विकसित किया गया है.
भविष्य में और भी आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में इसी तरह के और हाईटेक आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण का प्रस्ताव है, यह पहल बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को सशक्त बनाने और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, हाईटेक महतारी सदन आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और माताओं के लिए शिक्षा, खेल और विकास का आधुनिक मंच बनकर उभरा है.



