CG News: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: 6,412 जोड़ों का ऐतिहासिक सामूहिक विवाह, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सान्निध्य में रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 1,316 नवविवाहित जोड़ों को प्रत्यक्ष रूप से आशीर्वाद दिया गया, पूरे प्रदेश में कुल 6,412 जोड़े विभिन्न धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह सूत्र में बंधे, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक दंपति को 35 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई, इस अभूतपूर्व आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया.

सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि, यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सर्वधर्म समभाव का उत्सव है, समारोह में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह में सम्मिलित हुए, जो छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता को दर्शाता है.

कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया, पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सरगुजा और बस्तर संभाग के आठ जिलों में इसका संचालन शुरू किया गया है, मुख्यमंत्री ने कहा कि, स्वस्थ और सुपोषित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शासन के साथ-साथ समाज की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है, अभियान की सफलता के बाद इसे पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा.

प्रदेश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाएं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, प्रदेशवासियों के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की राह पर बढ़ रहा है, उन्होंने बताया कि, सरकार ने दो वर्षों में अधिकांश वादों को पूरा किया है,
• महतारी वंदन योजना: 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता
• तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में मानक बोरा मूल्य में वृद्धि
• चरण पादुका योजना का पुनः प्रारंभ
• श्रीरामलला दर्शन योजना
• भूमिहीन मजदूरों को आर्थिक सहायता
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू, संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी, संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे.



