CG News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का स्थापना दिवस: 10 फरवरी को सजेगा ‘अरपा महोत्सव’, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि
CG News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 10 फरवरी को जिला स्तरीय अरपा महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है, पेण्ड्रा के मल्टीपर्पज स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले इस उत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी और एसपी मनोज कुमार खिलारी ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अधिकारियों की हाईलेवल मीटिंग ली है.
300 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह
इस वर्ष का अरपा महोत्सव खास होने वाला है, क्योंकि मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 300 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा, इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सामग्री और सहायता राशि के चेक भी वितरित किए जाएंगे, जिससे उत्सव में सेवा और सहयोग का संगम दिखेगा.

विकास कार्यों की सौगात और भूमि पूजन
मुख्यमंत्री अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान जिले को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात देंगे, इसमें सबसे महत्वपूर्ण जिला चिकित्सालय भवन का भूमि पूजन है, साथ ही, चिकित्सालय परिसर में वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी रखा गया है, सीएम साय विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर जिले की प्रगति को नई गति प्रदान करेंगे.
पंचायतों और निकायों का होगा सम्मान
सामाजिक सुधार की दिशा में जिले की उपलब्धियों को इस मंच पर सराहा जाएगा, मुख्यमंत्री द्वारा 51 टीबी मुक्त पंचायतों, 71 बाल विवाह मुक्त पंचायतों और गौरेला-पेण्ड्रा के 2 नगरीय निकायों को विशेष प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, यह सम्मान जिले के स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के प्रति समर्पण को दर्शाएगा.
फूड जोन, झूले और सांस्कृतिक कार्यक्रम
महोत्सव को यादगार बनाने के लिए मल्टीपर्पज स्कूल मैदान में मनोरंजन की भी पूरी व्यवस्था है, यहाँ विभागीय स्टॉल्स के साथ-साथ बच्चों के लिए मेला, झूले और लजीज व्यंजनों का फूड जोन भी तैयार किया जा रहा है, शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी, जिसमें स्थानीय और प्रदेश स्तर के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे.
प्रशासनिक तैयारियां तेज
प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं का पुख्ता इंतजाम किया है, अधिकारियों ने हेलीपैड, पार्किंग, यातायात, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर लिया है ताकि महोत्सव गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके.



