CG News: मिशन 31 मार्च: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद का अंत, अमित शाह की हाईलेवल बैठक शुरू
CG News: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर के मेफेयर होटल में एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं, इस बैठक को दो अहम सत्रों में बांटा गया है, पहले सत्र में सुरक्षा एजेंसियों के इंटेलिजेंस इनपुट्स की समीक्षा की जा रही है, जबकि दूसरे सत्र में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति और आगामी ऑपरेशन्स पर विस्तार से चर्चा होगी.
सीएम साय और डिप्टी सीएम मौजूद
इस रणनीतिक बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, और कई राज्यों के डीजीपी मौजूद हैं, इसके अलावा सीआरपीएफ (CRPF) के महानिदेशक और एसीएस (गृह) जैसे सैन्य व सुरक्षा बलों के शीर्ष अधिकारी नक्सलियों के खिलाफ अंतिम प्रहार की योजना बना रहे हैं.

डेडलाइन के मात्र 51 दिन शेष
गृहमंत्री अमित शाह ने देशभर से नक्सलवाद को जड़ से मिटाने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की है, इस लक्ष्य को हासिल करने में अब केवल 51 दिन बाकी हैं, डिप्टी सीएम विजय शर्मा के अनुसार, यह इस डेडलाइन से पहले की आखिरी और सबसे बड़ी बैठक हो सकती है, जिसमें नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे पर मुहर लगेगी.
पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल
अपनी इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान शाह बस्तर में आयोजित पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में भी शिरकत करेंगे, इससे पहले वे दिसंबर 2025 में जगदलपुर आए थे और बस्तर ओलंपिक के जरिए जवानों व स्थानीय जनता का हौसला बढ़ाया था, इस बार का दौरा सुरक्षाबलों में नई ऊर्जा भरने का काम करेगा.
मीटिंग के बाद तेज होंगे ‘एंटी-नक्सल’ ऑपरेशन्स
माना जा रहा है कि, इस बैठक के तुरंत बाद बस्तर और अन्य प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों की गतिविधियां और ज्यादा आक्रामक हो जाएंगी, राज्य पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के बीच बेहतर समन्वय के साथ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसे बड़े ऑपरेशन्स को अंजाम दिया जा सकता है ताकि तय समयसीमा के भीतर नक्सलवाद का अंत सुनिश्चित हो सके.




