CG News: नवा रायपुर में प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने किया छात्रों से संवाद
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राखी में प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया, इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संयुक्त रूप से केंद्र का उद्घाटन किया.
छात्रों से सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान शुभांशु शुक्ला ने विद्यार्थियों से संवाद किया और अंतरिक्ष यात्रा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए, उन्हें देखने और सुनने को लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला,बच्चों ने अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सरल भाषा में जवाब दिया.
सपनों को मिलेगी नई उड़ान: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, यह अंतरिक्ष केंद्र छत्तीसगढ़ के बच्चों के लिए नए सपनों के द्वार खोलेगा, अब राज्य के विद्यार्थी अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक को नजदीक से समझ सकेंगे और भविष्य में इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे.

आधुनिक तकनीक से लैस अंतरिक्ष केंद्र
नवा रायपुर में स्थापित यह अंतरिक्ष केंद्र अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित है, यहां छात्रों को सैटेलाइट निर्माण, उसकी जांच और ट्रैकिंग की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी,इसके लिए विशेष प्रयोगशालाएं, ग्राउंड स्टेशन और कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था की गई है.
‘प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी’ से बदलेगा भविष्य
जिला प्रशासन रायपुर और IDYM फाउंडेशन के सहयोग से शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी’ के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई दिशा मिलेगी, कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहब सहित बड़ी संख्या में छात्र और शिक्षक उपस्थित रहे.
अंतरिक्ष मिशन में शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि
शुभांशु शुक्ला ने तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा की, उन्होंने 25 जून 2025 को उड़ान भरी और 14 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे, अंतरिक्ष में उन्होंने करीब 20 दिन बिताए और 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग सफलतापूर्वक किए.
दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री बने शुभांशु शुक्ला
विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री बने, उनके प्रयोगों में जैव-चिकित्सा विज्ञान, तंत्रिका विज्ञान, कृषि, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और उन्नत सामग्री विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल रहे.
साधारण परिवार से अंतरिक्ष तक का सफर
उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी शुभांशु शुक्ला ने 12वीं के बाद NDA का एंट्रेंस एग्जाम पास किया और यहीं से ग्रेजुएशन किया, वर्ष 2006 में वे भारतीय वायुसेना में शामिल हुए और 2019 में गगनयान मिशन के लिए अंतरिक्ष यात्री के रूप में चयनित हुए.




