Jashpur News: जशपुर में आदिवासी अंचल के बच्चों से रूबरू होंगे अशोक चक्र विजेता ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला
Jashpur News: जिला प्रशासन जशपुर द्वारा 4 फरवरी को आयोजित किया जा रहा ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम अब अपने अंतिम और निर्णायक चरण में पहुंच गया है, यह आयोजन जिले के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य आदिवासी अंचल के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ना और उनके सपनों को नई उड़ान देना है.
बच्चों की आंखों में अंतरिक्ष का सपना
पहाड़ों और जंगलों के बीच रहने वाले बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए यह कार्यक्रम एक अनूठी पहल है, जिला प्रशासन चाहता है कि, जशपुर के बच्चे भी अंतरिक्ष की ऊंचाइयों को छूने का सपना देखें और उसे साकार करने की प्रेरणा लें.

अशोक चक्र विजेता शुभांशु शुक्ला होंगे मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला होंगे, जिन्हें 77वें गणतंत्र दिवस पर देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित किया गया है, उनका जशपुर आगमन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है.
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के अनुभव साझा करेंगे
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने एएक्स-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर 18 दिन बिताए हैं, रणजीता स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में वे 10 हजार से अधिक स्कूली बच्चों से सीधे संवाद करेंगे और अंतरिक्ष में बिताए गए रोमांचक व चुनौतीपूर्ण अनुभव साझा करेंगे.

प्रशासन ने संभाली जमीनी कमान
कार्यक्रम की व्यापकता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ एवं नोडल अधिकारी अभिषेक कुमार ने खुद तैयारियों की कमान संभाल ली है, अपर कलेक्टर प्रदीप साहू और डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा के साथ स्टेडियम का निरीक्षण कर सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं.
वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने का मंच
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि, यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने का बड़ा मंच है.
अंतरिक्ष जीवन और भविष्य के मिशनों पर संवाद
शुभांशु शुक्ला बच्चों को अपने कठिन प्रशिक्षण, जीरो ग्रेविटी के अनुभव, अंतरिक्ष में जीवन की चुनौतियों और भारत के भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों की जानकारी देंगे.
प्रतियोगिताएं और स्पेस प्रदर्शनी रहेंगी आकर्षण
कार्यक्रम स्थल पर नारा लेखन, चित्रकारी, निबंध, रंगोली और स्केच मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, युवाओं के लिए विशेष सेल्फी पॉइंट और अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी, कार्यक्रम ‘इंडिया इन स्पेस’ थीम पर आधारित होगा.
सुरक्षा और सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था
बच्चों के परिवहन के लिए बसों की व्यवस्था की गई है, स्टेडियम में अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस और शिक्षा विभाग मुस्तैद रहेंगे, हाई-टेक साउंड सिस्टम और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि हर बच्चा संवाद को स्पष्ट रूप से सुन सके, आपात स्थिति के लिए मेडिकल टीम और एम्बुलेंस भी तैनात रहेंगी.



