CG News: शासकीय ITI रायपुर में पुलिस कर्मियों को मेजर नरेंद्र उपाध्याय ने दिया अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का मार्गदर्शन
CG News: शासकीय ITI रायपुर में आयोजित विशेष सत्र के दौरान मेजर नरेंद्र उपाध्याय ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि, अनुशासन प्रभावी पुलिसिंग की सबसे मजबूत नींव है, उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासन केवल नियमों तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह एक ऐसी जीवनशैली है जो व्यक्ति के सोचने, कार्य करने और व्यवहार करने के तरीके को आकार देती है.
समय प्रबंधन और मानसिक संतुलन का महत्व
मेजर उपाध्याय ने कहा कि, पुलिस सेवा में समय की पाबंदी और तनावपूर्ण परिस्थितियों में मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, उन्होंने बताया कि, कठिन हालात में शांत और संतुलित निर्णय ही एक अच्छे पुलिसकर्मी की पहचान होते हैं.
व्यक्तित्व विकास से बनती है पुलिस की छवि
व्यक्तित्व विकास पर जोर देते हुए उन्होंने वर्दी की गरिमा, सतर्क बॉडी लैंग्वेज और आम नागरिकों के साथ शालीन व प्रभावी संवाद को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया, उनके अनुसार, एक पुलिसकर्मी का व्यवहार ही समाज में पुलिस की छवि को मजबूत या कमजोर बनाता है.
तकनीकी दक्षता और सेवा भाव का समन्वय
अपने संबोधन में मेजर नरेंद्र उपाध्याय ने यह भी कहा कि, कंप्यूटर और तकनीकी कौशल तभी सार्थक होते हैं, जब उन्हें अनुशासित चरित्र और सेवा भाव के साथ जोड़ा जाए, इससे न केवल कार्यक्षमता बढ़ती है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होता है.
समाज में विश्वसनीय पुलिस की दिशा में कदम
उन्होंने अपने संदेश का समापन करते हुए कहा कि, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और तकनीकी दक्षता का समन्वय ही पुलिस को समाज में अधिक विश्वसनीय, सशक्त और सम्मानित बनाता है.



