CG News: मुंगेली में धान मिलों पर बड़ी कार्रवाई, 12 हजार क्विंटल से अधिक जब्त
CG News: मुंगेली जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। राइस मिलों में की गई छापेमारी में कस्टम मिलिंग और ओवरलोडिंग जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद 12 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त कर 14 मिलें सील की गईं।
धान खरीदी में गड़बड़ी पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी को सुचारु और पारदर्शी बनाए रखने मुंगेली जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहा है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में राज्य आईसीसीसी से मिले अलर्ट पर पुलिस, राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने जिले की विभिन्न राइस मिलों में छापामार कार्रवाई की।
12 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त
जांच के दौरान उपलेटा राइस मिल, नेशनल दाल मिल, वर्धमान मिलिंग इंडस्ट्रीज, जैन राइस इंडस्ट्रीज और नवकार दाल उद्योग में कस्टम मिलिंग में अनियमितता पाए जाने पर 12 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया। वहीं दीपक राइस इंडस्ट्रीज और एसएस फूड में 1900 क्विंटल से अधिक धान की कमी उजागर हुई।
19 राइस मिलों पर कार्रवाई
जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 19 राइस मिलों पर कार्रवाई की जा रही है। गंभीर अनियमितताओं के चलते 14 राइस मिलों को सील कर दिया गया है।
धान परिवहन पर रियल टाइम निगरानी
धान परिवहन में लगे वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग आईसीसीसी कमांड सेंटर से की जा रही है। जिले की सीमाओं और चेक पोस्ट पर चौकसी बढ़ाई गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।




