CG News: बलौदाबाजार जिला अस्पताल को ‘कायाकल्प 2024-25’ में दूसरा स्थान, 89 स्वास्थ्य केंद्र भी पुरस्कृत
CG News: बलौदाबाजार जिला चिकित्सालय ने स्वास्थ्य सेवा, मरीजों के बेहतर इलाज और स्वच्छता व्यवस्था में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया, इस उपलब्धि से जिला स्वास्थ्य विभाग में खुशी और उत्साह का माहौल है.
89 अन्य स्वास्थ्य केंद्र भी पुरस्कृत
राज्य स्तर पर ‘कायाकल्प – स्वच्छ अस्पताल योजना 2024-25’ के परिणाम घोषित किए गए, इस योजना में बलौदाबाजार जिला अस्पताल, 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 18 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 66 स्वास्थ्य केंद्र और 1 शहरी स्वास्थ्य केंद्र को पुरस्कार प्रदान किया गया, इस योजना में स्वास्थ्य संस्थाओं को 70% से अधिक अंक प्राप्त करना अनिवार्य था.
सूरजपुर जिला को मिला प्रथम स्थान
बलौदाबाजार जिला अस्पताल ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि जिला अस्पताल सूरजपुर ने 94.9 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। सूरजपुर जिले के चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र – सिमगा, सुहेला, पलारी और लवन – को भी कायाकल्प पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
स्वास्थ्य सुविधाओं का आंतरिक मूल्यांकन
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि, ‘कायाकल्प – स्वच्छ अस्पताल योजना’ भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, इसका उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वच्छता, सफाई और संक्रमण नियंत्रण के उच्च मानक स्थापित करना है, उन्होंने कहा कि, इस योजना के तहत स्वास्थ्य केंद्रों का आंतरिक मूल्यांकन किया जाता है, जिससे वे और बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित होते हैं.
रोगी-अनुकूल और स्वच्छ अस्पताल
इस पहल का मुख्य लक्ष्य अस्पतालों को रोगी-अनुकूल बनाना और स्वच्छता को स्थायी प्रथा के रूप में बढ़ावा देना है, इसके परिणामस्वरूप मरीजों को बेहतर इलाज के साथ सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी.




