CG News: रायपुर निगम आयुक्त सख्त, प्रॉपर्टी टैक्स वसूली तेज करने के निर्देश
CG News: रायपुर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने राजस्व विभाग की बैठक में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई और ई-चालान प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश जारी किए गए।
राजस्व वसूली को लेकर निगम आयुक्त का सख्त रुख
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने गुरुवार को निगम मुख्यालय में राजस्व विभाग और नगर निवेश विभाग के अधिकारियों की अहम बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के साथ-साथ प्रॉपर्टी टैक्स और अन्य राजस्व की वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
करोड़ों के बकायेदारों पर कार्रवाई के निर्देश
आयुक्त ने कहा कि जहां आम नागरिक नियमित रूप से प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर रहे हैं, वहीं बड़े बकायेदारों और सोसायटियों पर करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों को बिना किसी लापरवाही के बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ई-चालान और मॉनिटरिंग पर विशेष जोर
आयुक्त विश्वदीप ने दो टूक कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जोनों में नियमित मॉनिटरिंग कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर निवेश विभाग के अभियंताओं को सीएंडडी वेस्ट, ग्रीन नेट, सड़क बाधा शुल्क सहित अन्य कार्यों में ई-चालान प्रक्रिया को तेज करने को कहा गया, ताकि पारदर्शिता और राजस्व संग्रह में गति लाई जा सके।



