CG News: संस्कार भारती छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक पहल, “राष्ट्र रंग – संघ साधना के 100 बछर” कार्यशाला का सफल समापन
CG News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर आयोजित त्रिदिवसीय अखिल भारतीय चित्रकला कार्यशाला का शुभारंभ 9 जनवरी 2026 को सरोना स्थित ठा. विघ्नहरण सिंह राजपूत भवन में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया, उन्होंने कैनवास पर “वंदे मातरम्” अंकित कर संघ शताब्दी वर्ष पर बनने वाली 101 चित्रों की श्रृंखला का विधिवत शुभारंभ किया.
80 कलाकारों ने प्रस्तुत की संघ यात्रा
देश के 8 राज्यों से आए 80 चयनित चित्रकारों ने तीन दिनों तक रंग और रेखाओं के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक साधना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, कार्यशाला में छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर आधारित विशेष प्रदर्शनी में राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा को भी दर्शाया गया.
राजा रवि वर्मा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति
कार्यशाला के दूसरे दिन महान चित्रकार राजा रवि वर्मा के जीवन और कला-दर्शन पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया गया, डॉ. आनंद पांडे के निर्देशन में हुई इस प्रस्तुति को दर्शकों और पद्मश्री वासुदेव कामत जी सहित सभी अतिथियों ने खूब सराहा.
समापन समारोह और सम्मान
समापन समारोह पद्मश्री वासुदेव वामन कामत जी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, इस अवसर पर प्रसिद्ध चित्रकार विजय वरठे, योगेश अग्रवाल और रिखी क्षत्रिय जी उपस्थित रहे, सभी चित्र साधकों और नाट्य कलाकारों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
“चित्र को जीना ही सच्ची कला है” – पद्मश्री कामत
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में पद्मश्री वासुदेव कामत जी ने कहा कि, चित्र केवल बनाया नहीं जाता, बल्कि कलाकार को इसे अपने भीतर जीना पड़ता है, जब तक कलाकार अपने स्वभाव और श्वासों में चित्र को साधता नहीं, तब तक सृजन जीवंत नहीं बनता.
संस्कृति और कला संवाद की प्रेरक यात्रा
संस्कार भारती छत्तीसगढ़ की यह पहल केवल कला आयोजन नहीं, बल्कि कलाकारों और समाज के बीच सांस्कृतिक संवाद का सशक्त माध्यम बनी। आयोजन भले ही संपन्न हो गया हो, लेकिन भारतीय कला, संस्कृति और राष्ट्रबोध की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी.




