CG News: नगर पंचायत बस्तर में भव्य वार्षिक मड़ई मेला, 84 गांवों के देवी-देवता होंगे शामिल
CG News: नगर पंचायत बस्तर में 29 जनवरी, गुरुवार से दो दिवसीय ऐतिहासिक वार्षिक मड़ई मेला का आयोजन किया जाएगा, इस पारंपरिक मेले में रायकेरा परगना के 84 गांवों के देवी-देवता गाजा-बाजा के साथ शामिल होंगे, यह मेला बस्तर जिले में सदियों से चली आ रही सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का प्रतीक है और इस वर्ष भी इसे भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा.

धार्मिक यात्रा और पूजा-अर्चना
परंपरा के अनुसार, नगर के पुजारीपारा स्थित मां गंगादेई मंदिर से माता की छत्र-डोली, लाट और देवी-देवताओं को विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात मेला स्थल तक लाया जाएगा, इस धार्मिक यात्रा में राज परिवार के सदस्य, जनप्रतिनिधि और नगरवासी भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे.

मेला आयोजन की तैयारी और बैठक
माघ मड़ई मेला के सफल आयोजन को लेकर मां गंगादेई मंदिर परिसर में नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मेला प्रभारी देवकी भद्रे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्षद, वरिष्ठ नागरिक और नगरवासी मौजूद थे, ग्राम पुजारी विशेश्वर यादव ने माता से अनुमति लेकर 29 जनवरी को मेला आयोजन की सहमति की पुष्टि की.

वरिष्ठ नागरिकों और नगरवासियों की भागीदारी
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक लखेश्वर कश्यप, ठिरली राम यादव, राजू ठाकुर, उदबोराम नाग, महेश मौर्य, रवि शंकर शुक्ला सहित नगरवासी और ग्राम भोंड के ग्रामीण उपस्थित रहे, उनकी सक्रिय भागीदारी ने मेला आयोजन की तैयारियों को और प्रभावी बनाया.
व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर चर्चा
बैठक में सर्वसम्मति से मेला समिति का गठन किया गया और नगर पंचायत अध्यक्ष को मेला प्रभारी नियुक्त किया गया, आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, साइकिल स्टैंड, निगरानी समिति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई, विशेष रूप से धुरवा नाचा, ओड़िया नाचा और अन्य देवी-देवताओं के आमंत्रण के साथ मेला को भव्य बनाने पर जोर दिया गया.




