CG News: ई-प्रगति पोर्टल से ऑनलाइन मॉनिटरिंग का नया अध्याय, मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को दिए निर्देश
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर में आयोजित मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में घोषणा की कि, अब प्रदेश की 25 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली हर योजना का ऑनलाइन मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से किया जाएगा, इसके लिए ई-प्रगति पोर्टल तैयार किया गया है.
ई-प्रगति पोर्टल से होगी हर चरण पर निगरानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि, इस पोर्टल के जरिए किसी भी बड़े निर्माण कार्य में मंजूरी, बजट, मजदूरी भुगतान और प्रगति रिपोर्ट तक हर चरण की वास्तविक समय में जानकारी उपलब्ध होगी, सभी सचिवों, कलेक्टरों और अधिकारियों को योजनाओं की रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट करने के आदेश दिए गए हैं.

गुड गवर्नेंस का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, सुषासन केवल कागजों में नहीं बल्कि लोगों के जीवन में बदलाव और अधिकारियों के काम में दिखना चाहिए, उन्होंने जोर दिया कि, समाज के अंतिम व्यक्ति को बुनियादी सेवाओं के लिए भटकना न पड़े, कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकास शील, डीजीपी अरुण देव गौतम, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, एससीएस गृह मनोज पिंगुआ, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सुशासन व अभिसरण सचिव राहुल भगत और संचालक रजत बंसल मौजूद थे.

पुरस्कृत विभागों में नवाचार
शिक्षा विभाग: विद्या समीक्षा केंद्र से 56,000 स्कूल, 2.83 लाख शिक्षक और 57.5 लाख छात्रों की निगरानी,
वाणिज्य और उद्योग विभाग: वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम से 136 सेवाओं की शिकायत निवारण और निरीक्षण,
वाणिज्य कर (आबकारी): समग्र ई-गवर्नेंस और ₹5425 करोड़ का राजस्व संग्रह,
वन व जलवायु परिवर्तन विभाग: ई-कुबेर डिजिटल प्रणाली से नक्सल क्षेत्र में ₹1776 करोड़ के 18 लाख कैशलेस लेन-देन,
पंचायत और ग्रामीण विकास: मनरेगा में QR कोड आधारित प्रणाली से योजना की जानकारी आसान.
जिला श्रेणी के विजेता
दंतेवाड़ा: ब्लॉकचेन आधारित भूमि अभिलेख डिजिटलीकरण से मैनुअल प्रक्रिया खत्म और छेड़छाड़-रोधी प्रणाली,
जशपुर: निर्माण जशपुर पहल से 7300 परियोजनाओं और 444 ग्राम पंचायतों में जियो-टैगिंग व रियल-टाइम निगरानी,
मोहला मानपुर-अंबागढ़ चौकी: संवर्धित टेक-होम राशन से 77.5% बच्चों की कुपोषण में सुधार,
गरियाबंद: हाथी ट्रैकिंग व अलर्ट ऐप से मानव-वन्यजीव संघर्ष और फसल क्षति कम,
नारायणपुर: इंटिफाई इंटेलिजेंस टूल से 100 अभियानों का रियल-टाइम और पूर्वानुमान आधारित संचालन.
डिजिटल नवाचार से बढ़ेगा पारदर्शी शासन
ई-प्रगति पोर्टल और इन नवाचारों के माध्यम से छत्तीसगढ़ में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर योजना क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा, राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक योजनाओं की सुविधाओं को सीधे और समय पर पहुंचाना है.



