CG News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्ष पर तीन दिवसीय अखिल भारतीय चित्रकला कार्यशाला रायपुर में शुरू
CG News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर संस्कार भारती छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय अखिल भारतीय चित्रकला कार्यशाला “राष्ट्र रंग – संघ साधना के 100 बछर” का भव्य शुभारंभ 9 जनवरी 2026 को रायपुर के ठा. विघ्नहरण सिंह राजपूत भवन, सरोना में हुआ.
डॉ. रमन सिंह ने किया उद्घाटन
मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उद्घाटन करते हुए कहा कि, राज्य की रजत जयंती पर चयनित श्रेष्ठ चित्र छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में लगाए जाएंगे, इससे कला के माध्यम से राष्ट्रबोध और सांस्कृतिक चेतना को स्थायी स्वरूप मिलेगा, उन्होंने नए विधानसभा भवन में देश के प्रमुख चित्रकारों को चित्र बनाने के लिए आमंत्रित करने की योजना की भी घोषणा की.
चित्र सृजन और कलाकारों की भागीदारी
डॉ. रमन सिंह ने कैनवास पर “वंदे मातरम्” लिखकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर निर्मित होने वाले 101 चित्रों की श्रृंखला की शुरुआत की, इस कार्यशाला में देश के 8 राज्यों से 100 से अधिक चयनित चित्रकार भाग ले रहे हैं, तीन दिनों में कलाकार संघ की 100 वर्षों की वैचारिक, सामाजिक, सांस्कृतिक साधना, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को रंग, रेखा और कल्पना के माध्यम से चित्रित करेंगे.
विशेष प्रदर्शनी और रजत जयंती का योगदान
छत्तीसगढ़ रजत जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित 51 चित्रों की विशेष प्रदर्शनी में राज्य के 25 वर्षों के विकास, संस्कृति, समृद्धि, प्रेम और सामाजिक चेतना जैसे विषयों को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया गया, डॉ. रमन सिंह ने प्रदर्शनी में चित्रों की कलात्मक गुणवत्ता और विषयवस्तु की सराहना की.
बहुआयामी सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यशाला को और भी रोचक बनाने के लिए संस्कार भारती के मंचीय कला विभाग द्वारा महान चित्रकार राजा रवि वर्मा के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति तैयार की गई है, जिसका मंचन 10 जनवरी 2026 को सायं 7 बजे किया जाएगा, साथ ही छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित चित्रों की विशेष प्रदर्शनी भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी.
समापन और सम्मान समारोह
कार्यशाला का समापन समारोह 11 जनवरी 2026 को पद्मश्री वासुदेव कामत जी (पूर्व अखिल भारतीय अध्यक्ष, संस्कार भारती एवं अंतर्राष्ट्रीय चित्र साधक) की अध्यक्षता में संपन्न होगा.
कार्यक्रम विवरण:
• दिनांक: 9, 10 एवं 11 जनवरी 2026
• समय: प्रातः 10:00 बजे से सायं 8:00 बजे तक
• स्थान: ठा. विघ्नहरण सिंह राजपूत भवन, सरोना, रायपुर (छत्तीसगढ़)
• आयोजक: संस्कार भारती छत्तीसगढ़




