CG News: बालोद बना युवा शक्ति का राष्ट्रीय केंद्र, CM साय ने किया प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का अभिनंदन
CG News: छत्तीसगढ़ का बालोद जिला आज देशभर के युवाओं के लिए प्रोत्साहन और गौरव का नया केंद्र बन गया है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, जिला बालोद के ग्राम दुधली में 9 से 13 जनवरी तक आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में देश-विदेश से आए युवाओं की भागीदारी राज्य के लिए गर्व का विषय है.

देश-विदेश से पहुंचे 15 हजार रोवर-रेंजर
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि, इस ऐतिहासिक जंबूरी में करीब 15 हजार रोवर-रेंजर हिस्सा ले रहे हैं, जो अपनी सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का जीवंत प्रदर्शन कर रहे हैं.
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह जंबूरी छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर है, यह आयोजन राज्य की पहचान को युवाओं के माध्यम से सशक्त बना रहा है.

प्रशिक्षण, कैंपिंग और सांस्कृतिक गतिविधियां
जंबूरी के दौरान राष्ट्रीय स्तर की कैंपिंग, रोवर-रेंजर प्रशिक्षण, सांस्कृतिक संध्याएं और सामुदायिक सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवा प्रतिभागी अनुशासन, सेवा और नेतृत्व जैसे मूल्यों के साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत कर रहे हैं.
भावी पीढ़ी की ऊर्जा और संकल्प का प्रतीक
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, बालोद की धरती पर उमड़ा यह उत्साह भारत की भावी पीढ़ी की ऊर्जा, समर्पण और संकल्प को स्पष्ट रूप से प्रतिबिंबित करता है.
युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि, राज्य सरकार युवाओं के खेल, कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि, अनुशासित, प्रशिक्षित और आत्मविश्वासी युवा शक्ति विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी.
रोवर-रेंजरों को मुख्यमंत्री की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जंबूरी में भाग ले रहे सभी रोवर-रेंजरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, उनका उत्साह और सेवा भाव छत्तीसगढ़ का परचम देश और दुनिया में और ऊंचाई तक ले जाएगा.




