CG News: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने बनाया इतिहास, 2025 में 4689 संपत्तियों की रिकॉर्ड बिक्री
CG News: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने वर्ष 2025 में आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों के विक्रय में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है, जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच मंडल द्वारा 4689 संपत्तियों का विक्रय किया गया, जिनका कुल मूल्य 1022 करोड़ रुपये से अधिक रहा, यह मंडल के गठन के बाद अब तक का सबसे बड़ा वार्षिक विक्रय है.

सुशासन और मजबूत नेतृत्व का परिणाम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के नेतृत्व में मंडल द्वारा किफायती, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाबद्ध कार्य किया गया, जिसका प्रत्यक्ष परिणाम इस रिकॉर्ड सफलता के रूप में सामने आया.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, वर्ष 2025 में 1022 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों का विक्रय एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि है, यह सरकार की जनहितैषी नीतियों और आम नागरिकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है, उन्होंने मंत्री ओ.पी. चौधरी, अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और मंडल के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी.

पात्र नागरिक तक किफायती आवास का लक्ष्य
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि, एक वर्ष में 1022 करोड़ रुपये की बिक्री राज्य के आवास क्षेत्र में मील का पत्थर है, यह मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच, स्पष्ट आवास नीति और हाउसिंग बोर्ड की टीम की प्रतिबद्धता का परिणाम है, सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानजनक और सुलभ आवास उपलब्ध कराना है.
कमजोर और निम्न आय वर्ग को प्राथमिकता
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा शुरू से ही समाज के कमजोर एवं निम्न आय वर्ग को प्राथमिकता दी जाती रही है, अब तक निर्मित कुल आवासों में लगभग 70 प्रतिशत आवास कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों के लिए बनाए गए हैं, विगत एक वर्ष में लागू की गई ओटीएस-2 (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के तहत हितग्राहियों को 30 प्रतिशत तक की छूट दी गई, इसके चलते 1452 संपत्तियों का विक्रय हुआ, जिनका कुल मूल्य लगभग 220.16 करोड़ रुपये रहा, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग को बड़ा लाभ मिला.
पिछले वर्षों की तुलना में जबरदस्त उछाल
पिछले पांच वर्षों में जहां मंडल द्वारा औसतन 1387 संपत्तियों का प्रतिवर्ष विक्रय हुआ और औसत मूल्य लगभग 262 करोड़ रुपये रहा, वहीं वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 4689 संपत्तियां और 1022 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, यह मंडल की कार्यप्रणाली में सुधार और नीतिगत सरलीकरण को दर्शाता है.
राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 रहा सफल
मंत्री ओ.पी. चौधरी के निर्देश पर 23 से 26 नवंबर 2025 तक रायपुर के बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 अत्यंत सफल रहा, इस दौरान 26 जिलों में 2080 करोड़ रुपये की लागत वाली 56 नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया गया, मेले में ही 305 करोड़ रुपये की संपत्तियों का विक्रय हुआ.
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन का परिणाम
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि, यह सफलता मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन, मंत्री के नेतृत्व और मंडल की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, यह उपलब्धि पारदर्शिता, नई सोच और जनहित को केंद्र में रखकर किए गए कार्यों का प्रमाण है, मंडल भविष्य में भी आवासहीनों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा.



