Jashpur News: राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर एनएच-43 रहेगा बंद, मांझाटोली जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय
Jashpur News: छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर स्थित झारखंड के ग्राम पंचायत मांझाटोली में 30 दिसंबर को अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समारोह कार्तिक जतरा का आयोजन किया गया है, इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी.
21 किमी सड़क मार्ग से जाएंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति आगडीह हवाई पट्टी से मांझाटोली कार्यक्रम स्थल तक 21 किलोमीटर का सफर सड़क मार्ग से तय करेंगी, इसमें से लगभग 19 किलोमीटर का हिस्सा जशपुर जिले में पड़ता है, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ट्रैफिक में बदलाव किया गया है, 30 दिसंबर को एनएच-43 पर ग्राम गिरांग से झारखंड के मांझाटोली तक आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा, गिरांग में बैरिकेट लगाकर मुख्य मार्ग को सील किया जाएगा.

जशपुर से झारखंड जाने वालों के लिए डायवर्ट रूट
जशपुर से झारखंड की ओर जाने वाले वाहन
• गिरांग चौक से प्रताप घोलेंग मार्ग की ओर मुड़ेंगे
• मंगाल होते हुए बोकी चौक पहुंचेंगे
• इसके बाद आरा रोड पकड़ेंगे
• आरा से सकरडेगा, कोंडरा, मोकरा, सुरसांग होते हुए मांझाटोली पहुंच सकेंगे, बालाछापर से निकलने वाले वाहन सीधे आरा होते हुए सकरडेगा, कोंडरा, मोकरा और सुरसांग मार्ग से मांझाटोली जाएंगे, इस मार्ग को आम यातायात के लिए निर्धारित किया गया है.
स्थानीय ग्रामीणों के लिए विशेष अपील
ग्राम आगडीह से शंख नदी के बीच के गांवों के लोगों से 30 दिसंबर को पीएमजीएसवाई सड़कों का उपयोग करने की अपील की गई है, वहीं तुरीलोदाम के ग्रामीणों को जशपुर जाने के लिए गलौंडा–नीमगांव मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है, बालाछापर से आरा तक की सड़क चौड़ी है, लेकिन आगे पीएमजीएसवाई सड़क होने के कारण भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही मुश्किल होगी, इसलिए एनएच पर चलने वाले ट्रकों और भारी वाहनों को एक दिन के लिए रोका जाएगा, कुनकुरी से ही ट्रक चालकों को इसकी सूचना दी जाएगी.
झारखंड के लिए बसें चलेंगी, रूट बदला
जशपुर से रांची के लिए चलने वाली बसें बंद नहीं रहेंगी, लेकिन डायवर्ट रूट से संचालित होंगी, रोजाना लगभग 43 बसें जशपुर–रांची रूट पर चलती हैं, जिनका उपयोग लोग इलाज, खरीदारी और पारिवारिक कारणों से करते हैं, बस संचालकों के अनुसार रूट बदलने से यात्रियों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी, दूरी थोड़ी बढ़ेगी, लेकिन यात्रा समय लगभग समान रहेगा.
जशपुर में सख्त सुरक्षा व्यवस्था
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी जशपुर पहुंच चुके हैं, शहर के सभी होटल फुल हैं और कई अधिकारियों को छात्रावासों में ठहराया गया है, 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक जशपुर पहुंचने वाले पर्यटकों को ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था के कारण कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.




