CG News: नितिन नबीन को BJP ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बने BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
CG News: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है, रविवार को पार्टी के संसदीय बोर्ड के फैसले की जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी, 45 वर्षीय नितिन नबीन इस पद पर पहुंचने वाले भाजपा के सबसे युवा कार्यकारी अध्यक्ष बन गए हैं.
अगले चुनाव अध्यक्ष तक दी गई जिम्मेदार
नितिन नबीन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक यह जिम्मेदारी निभाएंगे, इससे पहले वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था, जिनका कार्यकाल 2024 में पूरा हो चुका है और फिलहाल वे विस्तार पर हैं, वर्तमान में जेपी नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
नितिन नबीन ने जताया आभार
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास के साथ वे संगठन को और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे.
पार्टी में नितिन नबीन की अहम भूमिका
छत्तीसगढ़ में भाजपा को सत्ता तक पहुंचाने में नितिन नबीन की भूमिका अहम रही है, वे फिलहाल राज्य के प्रभारी हैं और संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति तथा कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय में उनकी सक्रिय भूमिका रही है, उनकी नियुक्ति को संगठन को मजबूती देने और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल के रूप में देखा जा रहा है.
CM साय ने दी बधाई
नितिन नबीन की नियुक्ति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और गृहमंत्री विजय शर्मा सहित भाजपा नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं, नेताओं का कहना है कि, नबीन का नेतृत्व कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और संगठन को नई दिशा देगा.
पांच बार विधायक रहे
बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक चुने जा चुके नितिन नबीन बिहार सरकार में मंत्री हैं, वे भाजपा के वरिष्ठ नेता नबीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं और इससे पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री भी रह चुके हैं.
आने वाले समय में उनकी भूमिका अहम
भविष्य में यदि नितिन नबीन को भाजपा का पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है, तो वे इस पद तक पहुंचने वाले देश के सबसे युवा नेता होंगे, पार्टी में उनके राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक दक्षता को देखते हुए उनकी भूमिका को आने वाले समय में बेहद अहम माना जा रहा है.



