CG News: अल्प प्रगति वाले पंचायतों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा, पीएम आवास में तेजी के निर्देश
CG News: रायगढ़ जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माण कार्यों की प्रगति को गति देने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत पाठरे ने जिला पंचायत कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की सभी सातों जनपद पंचायतों की विस्तृत समीक्षा की.
ग्राम पंचायतों पर विशेष फोकस
समीक्षा बैठक में उन ग्राम पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायक एवं संबंधित जनपद अधिकारी शामिल हुए, जहाँ पीएम आवास योजना की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई, बैठक में आवास स्वीकृति, निर्माण की स्थिति, जियो-टैगिंग, किस्त भुगतान तथा हितग्राहियों को समय पर लाभ देने की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई.
इन पंचायतों की प्रगति पाई गई कम
समीक्षा के दौरान जनपद पंचायत पुसौर, खरसिया, रायगढ़, लैलूंगा, घरघोड़ा, तमनार एवं धरमजयगढ़ अंतर्गत कई ग्राम पंचायतों को अल्प प्रगति वाला चिन्हित किया गया, इनमें नेटनागर, गुड़ु, कठानीय, पतरापाली, नगोई, नंदगांव, बनोरा, जुड़ाय, केसला, गंजपुर, पाकरगांव, नवागढ़, बकचबा, चिमटापानी, खुरसलेंगा, डारआमा, चितवानी, सिसरिंगा, सिथरा एवं कटाईपाली डी शामिल हैं.
एक सप्ताह में सुधार लाने के सख्त निर्देश
जिला पंचायत सीईओ अभिजीत पाठरे ने अल्प प्रगति वाले ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं रोजगार सहायकों को निर्देश दिए कि, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करते हुए कार्य में तेजी लाई जाए, उन्होंने स्पष्ट कहा कि, आगामी एक सप्ताह के भीतर प्रगति में उल्लेखनीय सुधार अनिवार्य है, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
पीएम आवास योजना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
सीईओ पाठरे ने कहा कि, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका उद्देश्य पात्र परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है, उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय, टीम भावना और सतत फील्ड मॉनिटरिंग के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि जिले का कोई भी पात्र हितग्राही आवास से वंचित न रहे.




