CG News: मुंगेली में 29.90 करोड़ के विकास कार्य, डिप्टी सीएम साव ने की घोषणा
CG News: उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कल नगर पालिका परिषद मुंगेली के अंतर्गत 29 करोड़ 90 लाख रूपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी, उन्होंने आगर खेल परिसर में आयोजित किए गए कार्यक्रम में करोड़ों के विकास कार्यों का शुभारम्भ किया.
91 कार्यों का लोकार्पण और 23 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर पालिका, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और लोक निर्माण विभाग के कुल 1755.12 लाख रूपए के 91 कार्यों का लोकार्पण और 1241.79 लाख रूपए के 23 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएँ दीं, कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की छायाचित्र पर माल्यार्पण और वन्देमातरम गीत के साथ की गई.
विकास कार्यों के लिए पैसों की कमी नहीं होगी : डिप्टी CM
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, मुंगेली के विकास कार्यों के लिए पैसों की कमी नहीं होगी, यहां के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए सड़क, नाली और पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि, नगर पालिका को पिछले 20 माह में अलग – अलग योजना के तहत 92 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है और आगे भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आएगी, उन्होंने आम नागरिकों से भी शहर के विकास में सहयोग प्रदान करने की अपील की है.
कलेक्टर ने स्मृति चिन्ह भेंटकर डिप्टी CM को सम्मानित किया
मुंगेली कलेक्टर ने डिप्टी CM द्वारा दी गई सौगात को लेकर कहा कि, मुंगेली नगरपालिका विकास की दिशा में तेजी से अग्रसर हो रहा है,उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा 29 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात नगर पालिका मुंगेली के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, उन्होंने कहा कि, जिले के सभी केन्द्रों में धान खरीदी शुरू हो चुकी है और किसान ज्यादा – से – ज्यादा टोकन लेकर सरलता से धान विक्रय कर सकते हैं, उन्होंने आम नागरिकों से SIR अभियान में मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने और अद्यतन करवाने की अपील की है, उन्होंने कार्यक्रम के समापन में स्मृति चिन्ह भेंटकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव को सम्मानित किया.




