CG News: रायपुर सहित कई जिलों में बढ़ी सिहरन तापमान गिरा
CG News: छत्तीसगढ़ में सर्दी तेज हुई है। अम्बिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.5°C दर्ज हुआ जबकि रायपुर में 13.4°C रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में उत्तरी व मध्य जिलों में शीतलहर की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम 29°C रहने का अनुमान है। लोग सावधान रहें।
छत्तीसगढ़ में कंपकपाती ठंड की दस्तक
छत्तीसगढ़ में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। कई संभागों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के करीब या इससे नीचे पहुंच गया है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में लगातार शीतलहर चल रही है। अम्बिकापुर शनिवार को सबसे ज्यादा ठंडा रहा, जहां तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में रात का तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कई स्थानों का पारा 10 डिग्री तक गिर गया।
मौसम विभाग का शीतलहर अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर जारी रहने की चेतावनी दी है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि माना एयरपोर्ट में 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर और पेंड्रा रोड में 25 से 28 डिग्री के बीच तापमान रहा। अम्बिकापुर और जगदलपुर में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री, दुर्ग में 30.2 और राजनांदगांव में 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ठंड बढ़ने के चलते सुबह-शाम सर्द हवाओं से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




