CG News: बेटे के पैरों का ऑपरेशन नहीं करा पा रहा था पिता, CM साय ने दिए तत्काल इलाज के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में एक पिता अपने छह वर्षीय बेटे के बेहतर भविष्य की आस लेकर पहुंचा. रायपुर के आमानाका क्षेत्र स्थित कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई कोटांगले के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले. उन्होंने बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई.

आर्थिक तंगी बनी इलाज में बाधा
अमित कोटांगले ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके छोटे बेटे छयांश को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है. परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण बच्चे का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था. पिता के लिए बेटे का बेहतर इलाज कराना लगातार बड़ी चुनौती बना हुआ था.
बेटे का भी हुआ था ऑपरेशन
अमित ने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में परेशानी है. काफी मुश्किलों के बीच उन्होंने अपने बड़े बेटे का ऑपरेशन कराया था, जिसके बाद अब वह स्वस्थ है. हालांकि, आर्थिक तंगी के चलते छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन अब तक नहीं हो सका.

पत्नी के निधन के बाद बढ़ी जिम्मेदारी
अमित ने अपनी पारिवारिक परिस्थितियों की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है. ऐसे में दोनों बच्चों की परवरिश और घर की जिम्मेदारी वह अपनी बुजुर्ग मां और बहन के साथ मिलकर संभाल रहे हैं. सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण बेटे का उपचार कराना उनके लिए मुश्किल हो गया था.
CM साय ने दिए तत्काल सहायता के निर्देश
परिवार की परेशानी सुनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बालक छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए जरूरी सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री के निर्देश पर बच्चे के इलाज के लिए सहायता की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जनदर्शन में मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद परिवार को बेटे के उपचार की उम्मीद मिली है. मुख्यमंत्री ने बच्चे के इलाज के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश देकर परिवार की परेशानी दूर करने की पहल की.

