CG News: 8 से 10 जनवरी तक होगा साहित्य उत्सव, CM साय ने किया लोगो और पोस्टर का विमोचन
CG News: छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन किया. इसी के साथ आगामी आयोजन की औपचारिक घोषणा की गई. इस बार साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है.

छत्तीसगढ़ की विरासत को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं के मामले में समृद्ध प्रदेश है. यहां की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन तथा सामाजिक मूल्यों की झलक मिलती है. रायपुर साहित्य उत्सव के माध्यम से इस विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा. साथ ही यह आयोजन साहित्यिक संवाद और नई पीढ़ी को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का माध्यम बनेगा.
देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में पहचान बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के दौरान सीमित समय में रायपुर साहित्य उत्सव आयोजित किया गया था. साहित्यकारों और आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से इसे अच्छा प्रतिसाद मिला और देशभर में इसकी चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि इस बार आयोजन को और अधिक व्यापक और भव्य स्वरूप दिया जाना चाहिए, ताकि रायपुर साहित्य उत्सव देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान बना सके.

जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही. उन्होंने कहा कि गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी जैसी भाषाओं में पीढ़ियों से लोकज्ञान, परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित हैं. इन भाषाओं में मौजूद लोककथाओं और पारंपरिक ज्ञान का दस्तावेजीकरण और संरक्षण जरूरी है. साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को विशेष स्थान देने पर जोर दिया गया.
युवाओं की प्रतिभा को मिलेगा अवसर
इस वर्ष की थीम ‘युवा भारत’ को प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता इसमें अभिव्यक्त होती है. उन्होंने आयोजन में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही. इससे नए रचनाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने, विचार साझा करने और अनुभवी साहित्यकारों से सीखने का अवसर मिलेगा.
उभरते रचनाकारों को नई पहचान देने की पहल
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत उन्हें उचित अवसर और मंच देने की है. रायपुर साहित्य उत्सव के जरिए उभरते कवियों, लेखकों और रचनाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा प्रदेश में साहित्यिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी.
साहित्यकारों ने दिए आयोजन को लेकर सुझाव
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और लेखकों ने पिछले वर्ष के आयोजन से जुड़े अनुभव साझा किए और आगामी उत्सव को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए. उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति के संरक्षण के लिए राज्य सरकार की पहल की सराहना की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित प्रदेशभर से आए साहित्यकार और रचनाकार मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया.


One Response