PM Surya Ghar Yojana: छत पर सोलर प्लांट लगवाया, अब आ रहा ZERO बिजली बिल, मनोज कुमार को मिली बड़ी राहत
PM Surya Ghar Yojana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम लोगों के लिए बिजली खर्च कम करने का एक बेहतर माध्यम बन रही है. इस योजना के जरिए नागरिक अपने घरों की छत पर सोलर संयंत्र लगवाकर बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. जिले के चितालंका निवासी मनोज कुमार ने भी इस योजना का लाभ उठाते हुए अपने घर में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया है.

5 किलोवाट का सोलर प्लांट स्थापित
मनोज कुमार ने बताया कि करीब पांच महीने पहले उन्होंने अपने घर की छत पर 5 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगवाया था. इसे स्थापित कराने में कुल 3 लाख 10 हजार रुपये की लागत आई. योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से उन्हें आर्थिक सहायता भी मिली, जिससे सोलर प्लांट लगाने का खर्च कम हुआ.
दोनों सरकारों से मिली सब्सिडी
पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत मनोज कुमार को कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई. इसमें केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की तरफ से 30 हजार रुपये की सब्सिडी दी गई. यह पूरी राशि सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की गई. सरकारी सहायता मिलने से उनके लिए घर पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराना आसान हो गया.

लगातार दो महीने से बिजली बिल शून्य
सोलर प्लांट लगने के बाद मनोज कुमार के परिवार को बिजली खर्च में काफी राहत मिली है. उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों से उनके घर का बिजली बिल शून्य आ रहा है. इससे हर महीने होने वाले बिजली खर्च की बचत हो रही है और परिवार के घरेलू बजट पर पड़ने वाला आर्थिक दबाव भी कम हुआ है.
पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान
मनोज कुमार का कहना है कि पीएम सूर्य घर योजना आम परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने का अच्छा अवसर दे रही है. इससे एक तरफ बिजली के खर्च में बचत होती है, वहीं दूसरी ओर स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने इस योजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया. साथ ही अन्य नागरिकों से भी योजना की जानकारी लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की.
ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिल रहा है. घरों की छतों पर सोलर संयंत्र स्थापित होने से आम नागरिकों को बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है. मनोज कुमार का अनुभव इस योजना से मिलने वाले आर्थिक लाभ और स्वच्छ ऊर्जा के महत्व को सामने रखता है.


One Response