CG News: ऑनलाइन टोकन से आसान हुई धान खरीदी, किसान सुशील कुशवाहा ने मुख्यमंत्री साय का जताया आभार
CG News: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को किसानों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार तकनीक का उपयोग कर रही है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लागू ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिल रही है. अब धान बेचने के लिए टोकन हासिल करने के लिए उपार्जन केंद्रों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है, किसान अपने घर से ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर निर्धारित तारीख पर धान बेचने पहुंच सकते हैं.

16 क्विंटल धान लेकर पहुंचे किसान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही विकासखंड की ग्राम पंचायत परासी के किसान सुशील कुमार कुशवाहा भी इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं. उन्होंने घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तिथि पर परासी धान उपार्जन केंद्र में 16 क्विंटल धान विक्रय के लिए लेकर पहुंचे. किसान के मुताबिक, ऑनलाइन टोकन मिलने से धान बेचने की तैयारी करना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है.
भागदौड़ से मिली राहत
किसान सुशील कुमार कुशवाहा का कहना है कि सरकार ने किसानों की जरूरतों और परेशानियों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की है. पहले टोकन के लिए उपार्जन केंद्रों तक जाना पड़ता था, लेकिन अब घर बैठे ही यह काम पूरा हो जाता है. इससे किसानों के समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है. साथ ही वे धान विक्रय की प्रक्रिया के अलावा अपने दूसरे कृषि कार्यों पर भी ध्यान दे पा रहे हैं.
कम उत्पादन वाले किसानों को भी राहत
धान खरीदी व्यवस्था के साथ ही किसान सुशील कुमार कुशवाहा ने कम उत्पादन करने वाले किसानों के हित में शासन की पहल की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि कम उत्पादन की स्थिति में भी पात्र किसानों को अंतर की राशि मिलने से उन्हें आर्थिक सहायता मिलेगी. इससे ऐसे किसानों को संबल प्राप्त होगा, जिन्हें कम उपज के कारण आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.

मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
किसान सुशील कुमार कुशवाहा ने कहा कि किसानों की सुविधा और आर्थिक मजबूती के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं. उन्होंने ऑनलाइन टोकन जैसी सुविधाओं को किसान हित में महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया.
तकनीक से पारदर्शी हो रही धान खरीदी
प्रदेश सरकार की तकनीक आधारित धान उपार्जन व्यवस्था से किसानों को सुविधा मिलने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया को भी सरल और पारदर्शी बनाने में मदद मिल रही है. ऑनलाइन टोकन के माध्यम से किसानों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है. सरकार की इस पहल का उद्देश्य किसानों का समय बचाने, उनकी परेशानियां कम करने और कृषि उपार्जन व्यवस्था को अधिक सहज बनाना है.

One Response