CG News: नंदकुमार साय के स्वास्थ्य की जानकारी लेने पहुंचे CM साय, बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर लाए
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पूर्व सांसद और वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय को अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर पहुंचे. उनके बेहतर उपचार और सुविधाजनक यात्रा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने यह व्यवस्था की. नंदकुमार साय के पैर में चोट लगी है, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी.

दो दिन पहले फिसलकर हुए थे घायल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे. इस हादसे में उनके पैर में चोट आई थी. मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान उन्हें नंदकुमार साय के निवास के पास ही एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था. इसी दौरान वे रात में उनके घर पहुंचे और मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली.

हेलीकॉप्टर से लाने की बताई वजह
मुख्यमंत्री ने बताया कि पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में दिक्कत हो रही थी. चूंकि उन्हें आज रायपुर आना था, इसलिए मुख्यमंत्री उन्हें भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से लेकर आए, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो और वे आसानी से रायपुर पहुंच सकें.
बालाजी अस्पताल में इलाज की व्यवस्था
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि नंदकुमार साय के बेहतर उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है. अब वहां उनका उपचार कराया जाएगा. मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर लाया गया है.


One Response