CG Tourism News: दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन का जलवा, 20 नवंबर को मनेगा राज्य दिवस
CG Tourism News: नई दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2026 में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक खूबसूरती और सांस्कृतिक विरासत लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है. छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने यहां अपना विशेष स्टॉल लगाया है, जिसके माध्यम से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, जनजातीय परंपराओं और पर्यटन सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है. स्टॉल पर बड़ी संख्या में पर्यटक, आगंतुक और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधि पहुंच रहे हैं. प्रदेश के जलप्रपात, वन्यजीव अभयारण्य, ऐतिहासिक स्थल और जनजातीय संस्कृति को लेकर लोगों में खास दिलचस्पी देखने को मिल रही है.

ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे को दिया जा रहा बढ़ावा
इस मेले में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ओर से ग्रामीण पर्यटन को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है. पर्यटकों को प्रदेश के गांवों की प्राकृतिक सुंदरता, पारंपरिक रहन-सहन, स्थानीय खानपान, लोककला और हस्तशिल्प से परिचित कराया जा रहा है. ग्रामीण पर्यटन एवं होमस्टे नीति के जरिए स्थानीय लोगों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने की योजना है. इससे ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, कारीगरों और जनजातीय समुदायों के लिए स्वरोजगार और आय के नए अवसर विकसित हो सकते हैं. साथ ही पर्यटकों को गांवों में ठहरकर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का मौका मिलेगा.

रिसॉर्ट बुकिंग पर पर्यटकों को मिलेगी 30 प्रतिशत छूट
अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ घूमने की योजना बना रहे लोगों के लिए विशेष ऑफर भी दिया जा रहा है. छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के स्टॉल पर पहुंचकर पर्यटन मंडल के रिसॉर्ट में बुकिंग कराने वाले पर्यटकों को 30 प्रतिशत की विशेष छूट देने का प्रावधान किया गया है. यह सुविधा 14 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक मेले की अवधि के दौरान उपलब्ध रहेगी. इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को प्रदेश की यात्रा के लिए प्रोत्साहित करना और पर्यटन मंडल की आवासीय सुविधाओं के प्रति आकर्षण बढ़ाना है.

20 नवंबर को मनाया जाएगा छत्तीसगढ़ राज्य दिवस
व्यापार मेले के दौरान 20 नवंबर 2026 को भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस का आयोजन भी किया जाएगा. इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश की लोककला, जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक विरासत और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा. देश और विदेश से आने वाले आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक विविधता से रूबरू होने का अवसर मिलेगा. राज्य दिवस के आयोजन से प्रदेश के पर्यटन प्रचार अभियान को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.

चित्रकोट से मैनपाट तक पर्यटकों को लुभा रहे पर्यटन स्थल
छत्तीसगढ़ के कई प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मेले में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. इनमें बस्तर का चित्रकोट जलप्रपात और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर की ऐतिहासिक धरोहरें, मैनपाट की प्राकृतिक वादियां और बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य शामिल हैं. इसके अलावा बस्तर की जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली भी पर्यटकों की रुचि बढ़ा रही है. मेले में आने वाले लोग इन स्थानों तक पहुंचने के साधनों, ठहरने की व्यवस्था और पर्यटन गतिविधियों के बारे में जानकारी ले रहे हैं.
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की तैयारी
अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की भागीदारी का उद्देश्य प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाना है. इसके तहत प्राकृतिक स्थलों के प्रचार के साथ ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय हस्तशिल्प को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रदेश की प्राकृतिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं. पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है.

One Response