CG News: हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस को रीगा स्टेशन पर मिला अस्थायी ठहराव, 14 नवंबर से लागू होगी नई समय-सारिणी
CG News: रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हैदराबाद-रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस को लेकर अहम निर्णय लिया है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली गाड़ी संख्या 17005/17006 को अब रीगा स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है. यह स्टेशन पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत आता है. इस फैसले से रीगा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
![]()
14 नवंबर से लागू होगी नई समय-सारिणी
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 14 नवंबर से रीगा स्टेशन पर दोपहर 3 बजकर 8 मिनट पर पहुंचेगी. यहां दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन 3 बजकर 10 मिनट पर आगे के लिए रवाना होगी. यात्रियों को निर्धारित समय के अनुसार स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है.
![]()
वापसी की ट्रेन 15 नवंबर से रुकेगी
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस को 15 नवंबर से रीगा स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा. यह ट्रेन सुबह 4 बजकर 23 मिनट पर स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद 4 बजकर 25 मिनट पर रवाना होगी. दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव दो-दो मिनट का निर्धारित किया गया है.

रीगा और आसपास के यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस अस्थायी ठहराव से रीगा और आसपास के इलाकों में रहने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी. स्थानीय स्तर पर इस ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी. अब रेलवे के फैसले के बाद यात्रियों को इस मार्ग पर यात्रा के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा.

