CG News: अंगदान करने वाले परिवारों का होगा सम्मान, 28 नवंबर को आयोजित होगा जीवनदाता परिवार सम्मान 2026
CG News: किसी अपने को खोने का दर्द जीवन का सबसे कठिन अनुभव होता है, लेकिन दुख की इसी घड़ी में लिया गया एक नेक फैसला किसी दूसरे परिवार के जीवन में खुशियां लौटा सकता है. अंगदान के जरिए मृत्यु के बाद भी जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलने की उम्मीद पैदा होती है. इसी मानवीय भावना और सेवा के जज्बे को सम्मान देने के लिए 2030 का भारत की ओर से 28 नवंबर को जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 का आयोजन किया जा रहा है.
मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करने वालों को सलाम
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों के साहस और संवेदनशीलता को पहचान देना है, जिन्होंने अपने किसी प्रियजन को खोने के बावजूद उसके अंग या टिश्यू दान करने का निर्णय लिया. ऐसे परिवारों के फैसले से कई जरूरतमंद लोगों को जीवन की नई उम्मीद मिलती है. इसके साथ ही अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों और इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉक्टरों तथा स्वास्थ्यकर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा.

तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे सम्मान
जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 के तहत तीन प्रमुख श्रेणियां निर्धारित की गई हैं. पहली श्रेणी जीवनदाता परिवार सम्मान है, जिसमें उन परिवारों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने प्रियजन के निधन के बाद अंग या टिश्यू दान करने की सहमति दी. दूसरी श्रेणी जीवन प्रेरणा सम्मान है, जिसके तहत अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित करने वाले व्यक्तियों और परिवारों को सम्मान मिलेगा.
डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को भी पहचान
तीसरी श्रेणी जीवन सारथी सम्मान के रूप में रखी गई है. इसके अंतर्गत अंगदान और अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा. इन सभी की भूमिका अंगदान की प्रक्रिया को सफल बनाने और जरूरतमंद मरीजों तक जीवनरक्षक अंग पहुंचाने में अहम होती है.
अंगदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
2030 का भारत के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि किसी अपने को खोने का दुख बेहद गहरा होता है, लेकिन ऐसे परिवार जो इस पीड़ा के बीच भी किसी दूसरे व्यक्ति की जिंदगी बचाने का निर्णय लेते हैं, वे मानवता की सबसे बड़ी मिसाल पेश करते हैं. उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल परिवारों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उनके साहस और संवेदना की कहानियों को समाज तक पहुंचाना भी है. संस्था चाहती है कि अंगदान को लेकर हर घर में बातचीत हो और लोग इसके महत्व को समझें.
जीवन बचाने की सोच को जन-जन तक पहुंचाने की पहल
संस्था का मानना है कि अंगदान केवल चिकित्सा से जुड़ी प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी विषय है. आज भी समाज में अंगदान को लेकर कई तरह की भ्रांतियां और जानकारी का अभाव देखने को मिलता है. ऐसे में जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 के जरिए अंगदान से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाने और लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा. यह आयोजन उन परिवारों के त्याग, डॉक्टरों की सेवा और मानवता के प्रति समर्पण को सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा.


One Response