CG News: CM साय ने जशपुर में किया पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण, नए भवन के लिए 30 लाख की घोषणा
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर शहर में 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया. शहर के मध्य स्थित इस सर्वसुविधायुक्त भवन से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में एक नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा भी की.

सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों की जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है. सामुदायिक भवन केवल बुनियादी सुविधाओं का विस्तार नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूती मिलती है.
मध्यमवर्गीय परिवारों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के बीचों-बीच इस भवन के निर्माण से विशेष रूप से मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को लाभ होगा. अब लोगों को विवाह, जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए महंगे निजी स्थलों या टेंट पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा. इससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें सुविधाजनक आयोजन स्थल उपलब्ध हो सकेगा.

हर वर्ग तक विकास सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास की सुविधाएं समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचें. नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर अधोसंरचना विकसित की जा रही है.
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी, सुनील गुप्ता और भरत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए.
