CG News: छत्तीसगढ़ को फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी, फिल्म नीति में होगा बदलाव, चित्रोत्पला फिल्म सिटी पर चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और पर्यटन के विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है. इसी कड़ी में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक का प्रमुख उद्देश्य छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना रहा.

प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति को मिलेगा मंच
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म शूटिंग के लिए प्राकृतिक और सिनेमैटिक दृश्यों की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं. प्रदेश का प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थल फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्यभर में शूटिंग के लिहाज से उपयुक्त नए स्थलों की पहचान कर उन्हें विकसित और प्रोत्साहित किया जाए.
फिल्म नीति को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा
बैठक में छत्तीसगढ़ की मौजूदा फिल्म नीति को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया. सरकार का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस के लिए शूटिंग से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है, ताकि अधिक से अधिक फिल्म निर्माता प्रदेश में शूटिंग के लिए आएं, बहुप्रतीक्षित ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के प्रस्ताव और उसे मूर्त रूप देने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई. फिल्म सिटी के विकास से प्रदेश में फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ को फिल्म उद्योग के लिए एक आकर्षक केंद्र बनाने की दिशा में भी काम किया जा सकेगा.

स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मिलेगा रोजगार
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे. इससे कलाकारों, तकनीशियनों, होटल उद्योग और युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से काम मिलने की संभावनाएं बनेंगी. फिल्म शूटिंग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध हो सकेंगे, बैठक में निफ्टेम (NIFTEM) के प्रस्तावित भ्रमण और खाद्य प्रसंस्करण यानी फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं एवं प्रशिक्षण के विस्तार से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई. इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में संभावित सहयोग और आगे की कार्ययोजना पर विचार किया गया.
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.


One Response