CG News: अमित शाह ने किया विकसित भारत संकल्प पार्क का उद्घाटन, नवा रायपुर में लगाए गए 2,500 से अधिक पीपल के पौधे
CG News: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का उद्घाटन किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे. लोकार्पण के बाद अमित शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण और शहर में हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया.

16 एकड़ में फैला पार्क
करीब 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क को पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत की परिकल्पना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है. पार्क परिसर में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए हैं. इसके अलावा स्थानीय प्रजातियों के 500 से ज्यादा पौधे भी यहां रोपित किए गए हैं. इस पहल के जरिए नवा रायपुर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है.

पीपल सिटी बनाने की पहल
नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना के तहत विकसित भारत संकल्प पार्क को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. इसका उद्देश्य केवल बड़ी संख्या में पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके विकास के लिए नियमित देखभाल और संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है. पार्क के माध्यम से शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने और हरियाली के महत्व के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है.
‘पीपल फॉर पीपल’ अभियान
नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने के लिए ‘पीपल फॉर पीपल’ अभियान भी संचालित किया जा रहा है. इस अभियान के तहत नागरिकों को पौधरोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा. इसका मकसद लोगों की भागीदारी से पौधों को सुरक्षित रखना और शहर में लंबे समय तक हरित वातावरण विकसित करना है.

One Response