CG News: रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
CG News: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंच गए. वे दोपहर 2:40 बजे विशेष विमान से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. अपने दौरे के दौरान अमित शाह नवा रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इसके साथ ही वे छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे.

अर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का करेंगे शुभारंभ
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह दोपहर 3:10 बजे से 4:20 बजे तक अर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 4:55 बजे वे नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित विकसित भारत संकल्प पार्क पीपल वन पहुंचेंगे. यहां शाम 5:10 बजे तक पार्क का लोकार्पण कार्यक्रम निर्धारित है. इसके बाद शाम 5:25 से 5:55 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है.
राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
अमित शाह शाम 6 बजे नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे. इस अवसर पर राज्य अलंकरण समारोह का भी आयोजन किया जाएगा. इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं और विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा.
उषा बारले की पंडवानी और अभिजीत भट्टाचार्य के गीतों का आकर्षण
राज्योत्सव की अंतिम शाम छत्तीसगढ़ की लोककला, आदिवासी संस्कृति, शास्त्रीय नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से सजेगी. मुख्य मंच पर पद्मश्री सम्मानित पंडवानी गायिका उषा बारले अपनी प्रस्तुति देंगी. वहीं, बॉलीवुड के लोकप्रिय पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. इन प्रस्तुतियों के जरिए राज्योत्सव की अंतिम शाम को खास बनाने की तैयारी है.
शिल्पग्राम में दिखेगी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता
राज्योत्सव के अंतिम दिन शिल्पग्राम में भी प्रदेश के अलग-अलग अंचलों से आए कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे. लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत और जनजातीय कलाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलेगी. इस तरह राज्योत्सव का समापन प्रदेश की कला, संस्कृति और उपलब्धियों के उत्सव के रूप में होगा.


One Response