CG Rajyotsav 2026: राज्योत्सव में SECR के ‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ स्टॉल, ट्रेन सिमुलेटर से लेकर VR गेम तक मिल रहा अनूठा अनुभव
CG Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव-2026 में सरकारी विभागों और उपक्रमों की ओर से कई आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं. इनमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) का ‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित स्टॉल लोगों का खास ध्यान खींच रहा है. इस बार रेलवे ने पारंपरिक प्रदर्शनी से आगे बढ़कर यहां तकनीक और मनोरंजन का अनूठा अनुभव तैयार किया है.
1. ट्रेन सिमुलेटर पर लोको पायलट बनने का अनुभव
रेलवे स्टॉल का सबसे बड़ा आकर्षण आरएस वाल्व सिमुलेटर (RS Valve Simulator) है. इसके जरिए बच्चों और युवाओं को ट्रेन चलाने जैसा अनुभव मिल रहा है. यहां आगंतुक लोको पायलट की सीट पर बैठकर सिमुलेटर के माध्यम से इंजन संचालन का रोमांच महसूस कर सकते हैं. इस गतिविधि को लेकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है और अपनी बारी के इंतजार में लंबी कतारें लग रही हैं.

2. VR गेम और डिजिटल क्विज से सीख रहे रेलवे का इतिहास
स्टॉल में मनोरंजन के साथ जानकारी देने के लिए वर्चुअल रियलिटी (VR) गेम जोन और डिजिटल क्विज की व्यवस्था भी की गई है. बच्चे और युवा खेल-खेल में भारतीय रेलवे के इतिहास और उससे जुड़ी जानकारियां हासिल कर रहे हैं. डिजिटल स्क्रीन पर आयोजित क्विज में सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को तत्काल पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं. इससे रेलवे की प्रदर्शनी बच्चों के लिए भी दिलचस्प बन गई है.
3. 3D स्क्रीन पर दिख रहा रायपुर स्टेशन का भविष्य
स्टॉल के प्रवेश द्वार पर लगाई गई 3D एनामॉर्फिक स्क्रीन और वंदे भारत ट्रेन का विशाल कटआउट दूर से ही लोगों को आकर्षित कर रहा है. अंदर रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का मॉडल प्रदर्शित किया गया है. इसके साथ दिखाई जा रही वॉक-थ्रू फिल्म के माध्यम से आगंतुकों को स्टेशन के प्रस्तावित आधुनिक स्वरूप की जानकारी मिल रही है. इस प्रस्तुति में भविष्य के रायपुर स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित स्वरूप में दिखाया गया है.
4. सेल्फी के साथ तुरंत मिल रही प्रिंटेड फोटो
रेलवे स्टॉल पर सेल्फी विद इंस्टेंट प्रिंट की सुविधा भी आगंतुकों के बीच लोकप्रिय हो रही है. छत्तीसगढ़ के उन रेलवे स्टेशनों की आकर्षक पृष्ठभूमि के साथ लोग अपनी तस्वीरें खिंचवा रहे हैं, जिनका आधुनिकीकरण और पुनर्विकास पूरा हो चुका है. खास बात यह है कि फोटो खिंचवाने के तुरंत बाद उसका प्रिंट भी मिल जाता है. इस तरह लोग राज्योत्सव की अपनी यादों को तस्वीर के रूप में साथ ले जा रहे हैं.
तकनीक और मनोरंजन के जरिए रेलवे की नई पहचान
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यह स्टॉल रेलवे की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को रोचक अंदाज में प्रस्तुत कर रहा है. ट्रेन सिमुलेटर, VR गेम, डिजिटल क्विज, 3D स्क्रीन और इंस्टेंट फोटो प्रिंट जैसी सुविधाओं के जरिए रेलवे ने लोगों को जानकारी के साथ मनोरंजन का अनुभव देने की कोशिश की है. यही वजह है कि ‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ स्टॉल राज्योत्सव में लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है.
