CG News: छत्तीसगढ़ में कुपोषण और एनीमिया से निपटने की तैयारी, साय सरकार शुरू करेगी ‘हर-घर मुनगा’ अभियान
CG News: छत्तीसगढ़ से शासन और प्रशासन को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण और स्वास्थ्य हितैषी बड़ी खबर सामने आ रही है, राज्य में बच्चों और महिलाओं के बीच गंभीर समस्या बन चुके कुपोषण तथा एनीमिया से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विष्णुदेव साय सरकार ने एक नए और व्यापक अभियान की शुरुआत करने का निर्णय लिया है, इस महत्वाकांक्षी पहल का नाम ‘हर-घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ रखा गया है, इस अनूठी योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के प्रत्येक घर में मुनगा यानी सहजन का पौधा रोपित करने की पुख्ता योजना तैयार की गई है, ताकि इस सुपरफूड के जरिए हर नागरिक को भरपूर पोषण मिल सके.

23 हजार से अधिक स्कूलों में लगेंगे मुनगा के पौधे
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस अभियान के तहत राज्य के करीब 23 हजार 500 शासकीय स्कूलों में बड़े पैमाने पर मुनगे के पौधे लगाने की खास तैयारी की जा रही है, इस संबंध में हाल ही में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक भी आयोजित की गई थी, बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया कि स्कूलों के परिसरों में विशेष ‘पोषण वाटिका’ विकसित की जाएगी, और बच्चों के मध्यान्ह भोजन यानी मिड-डे मील के मैन्यू में नियमित रूप से मुनगा की पौष्टिक भाजी को भी शामिल किया जाएगा, इस पूरे अभियान की जमीनी निगरानी की जिम्मेदारी सभी जिलों के जिला कलेक्टरों को सौंपी गई है, जिसमें पौधों की तैयारी, रोपण, उनकी देखभाल और सतत निगरानी पर विस्तार से चर्चा की गई है.
![]()
लाइव डैशबोर्ड से होगी पौधों की मॉनिटरिंग
इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता इसकी डिजिटल मॉनिटरिग व्यवस्था है, लगाए गए पौधों की सही देखभाल और उनकी जीवित रहने की स्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा आधुनिक डिजिटल ‘जियो-टैगिंग’ और ‘लाइव डैशबोर्ड’ तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, इससे यह आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा कि पौधा किस स्थान पर है और उसकी कैसी देखरेख की जा रही है, इस पूरे महत्वाकांक्षी अभियान के संचालन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को प्रमुख नोडल विभाग बनाया गया है, जो अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर इसे सफल बनाएगा.
बच्चों का बेहतर न्यूट्रीशियन इंटेक
गौरतलब है कि मुनगा (सहजन) अपने अंदर अनगिनत औषधीय और पोषण गुणों को समेटे हुए है, चाहे इसके फल यानी मुनगा हो या फिर इसकी पत्तियां, दोनों ही पोषक तत्वों का खजाना माने जाते हैं, मुनगा की पत्तियों और फलियों में भरपूर मात्रा में आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन-ए और विटामिन-सी जैसे जीवनोपयोगी पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, सरकार के इस अनूठे कदम से अब सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को आसानी से उच्च गुणवत्ता वाला पोषण मिल सकेगा, जिससे उनके शारीरिक विकास और स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार होने की पूरी उम्मीद है.

One Response