CG Exam: छत्तीसगढ़ में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शिक्षक भर्ती आवेदन प्रक्रिया फिर शुरू, 30 अक्टूबर तक मौका
CG Exam: छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने राज्य में शिक्षक और सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 9 अक्टूबर 2026 को दिए गए आदेश के अनुपालन में यह कदम उठाया गया है, इसके तहत अब सभी योग्य दिव्यांग अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 की शाम 5 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे, साथ ही आवेदन पत्रों में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है.
_m.webp)
संशोधित प्रस्ताव के तहत जोड़ी गई दिव्यांगता की श्रेणियां
मंडल ने लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त हुए संशोधित प्रस्ताव के आधार पर दोनों ही भर्ती परीक्षाओं के विस्तृत विज्ञापनों में दिव्यांगता की पात्र श्रेणियों को शामिल कर लिया है, इससे पहले सहायक शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 24 जुलाई से 21 अगस्त तक और शिक्षक भर्ती के लिए 7 अगस्त से 2 सितंबर तक तय की गई थी, लेकिन नए आदेश के बाद अब छूटे हुए और पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को अपनी दावेदारी पेश करने का एक और सुनहरा अवसर मिल गया है, अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले विभाग द्वारा जारी संशोधित विज्ञापन का गहराई से अध्ययन अवश्य कर लें.

सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती में निर्धारित श्रेणियां
सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी एलएसएटी-26 के अंतर्गत दृष्टिबाधित, बधिर और सेरेब्रल पाल्सी से संबंधित पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर दिया गया है, वहीं शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी एलएसटी-26 के अंतर्गत हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान और कृषि विषयों के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है, भाषा समूह के विभिन्न विषयों में दृष्टिबाधित और सेरेब्रल पाल्सी के अभ्यर्थियों को तथा गणित और कृषि विषयों के लिए दोनों हाथों से संबंधित दिव्यांगता, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार, सेरेब्रल पाल्सी और कुष्ठ रोग से उपचारित पात्र अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है.

दोनों परीक्षाओं की तिथियां और परीक्षा केंद्र
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा आगामी 6 दिसंबर 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी, जबकि शिक्षक भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर 2026, रविवार को होगी, ये दोनों ही परीक्षाएं सभी निर्धारित अभ्यर्थियों के लिए तय कार्यक्रम के मुताबिक ही संपन्न होंगी, परीक्षा के सफल संचालन के लिए छत्तीसगढ़ के कुल 16 जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, पात्र दिव्यांग अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया, विषयवार पात्रता और अन्य सभी जरूरी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट्स पर जाकर आसानी से देख सकते हैं.

One Response