CG News: सीएम साय ने निकाली सेवा ज्योति यात्रा, 38 स्थानों पर संकल्प चौक की घोषणा
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के ऐतिहासिक 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और भव्य ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर में कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाए जाने की बड़ी घोषणा की, जिसमें राजधानी का प्रमुख तेलीबांधा चौक भी शामिल है.

सीएम साय ने किया यात्रा का नेतृत्व
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को ‘विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दिलाया, इसके पश्चात सीएम साय ने स्वयं हाथ में मशाल थामकर सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व किया, यह प्रेरणादायी यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया.

पीएम मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा को सराहा
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था, तब से लेकर आज तक 13 वर्ष मुख्यमंत्री और 12 वर्षों से अधिक समय प्रधानमंत्री के रूप में उनका जीवन जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है, सीएम ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के तहत राज्य के विकास का रोडमैप तैयार किया गया है.
17 सितंबर से चल रहा है ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है, इस अभियान के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विविध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, उन्होंने याद दिलाया कि अभियान के शुभारंभ पर प्रदेश भर में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन की कामना की गई थी.
सिंगापुर दौरे और वैश्विक निवेश का किया उल्लेख
अपने हालिया सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने के प्रयास जारी हैं, राज्य को ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम-2026’ में भागीदारी का अवसर मिला, जहाँ अंतरराष्ट्रीय उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ छत्तीसगढ़ में तकनीक, कौशल विकास और नवाचार के क्षेत्रों में निवेश को लेकर सार्थक चर्चा हुई है.
