CG News: रायपुर का तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदलेगा, सीएम साय ने अफवाहों को किया खारिज
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक तेलीबांधा चौक का नाम बदलने को लेकर चल रही तमाम अटकलों और विवाद पर अब विराम लग गया है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम बिल्कुल नहीं बदला जाएगा, उन्होंने जनता से किसी भी प्रकार के भ्रम या अफवाह में न आने की अपील की है, हालांकि इस चौराहे को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ की तर्ज पर केवल विकसित किया जाएगा.
विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान शुरू हुआ विवाद
पूरे विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया गया था, रायपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान सीएम साय ने मीडिया से बात करते हुए प्रदेश के 38 स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित करने की बात कही थी, इसी दौरान तेलीबांधा चौक को भी इस मॉडल पर संवारने का जिक्र हुआ था, जिसके बाद चौक का नाम बदलने की अफवाहें फैल गईं.
साहू समाज ने जताई कड़ी आपत्ति
तेलीबांधा चौक का नाम बदलने की खबर जैसे ही सामने आई, साहू समाज में भारी आक्रोश फैल गया, साहू समाज के प्रतिनिधियों ने इसे अपनी ऐतिहासिक पहचान, कारोबार और सामाजिक गौरव से जुड़ा हुआ बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया, समाज के नेताओं ने स्पष्ट कहा था कि तेलीबांधा केवल एक चौराहे का नाम नहीं बल्कि उनके पुरखों का स्वाभिमान है, और यदि इसका नाम बदला गया तो समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा.
चौराहों के सौंदर्यीकरण और विकास पर केंद्रित है योजना
विवाद और विरोध के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से आई स्पष्टता ने मामले को शांत कर दिया है, सरकार ने साफ कर दिया है कि चौराहों के नाम बदलने का कोई इरादा नहीं है, बल्कि योजना केवल शहर के प्रमुख चौराहों को सुंदर बनाने, जन-सुविधाएं बढ़ाने और उनका आधुनिक विकास करने की है, सीएम की घोषणा के बाद साहू समाज और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है.

