CG News: अशोक सिंघल जी के जन्म शताब्दी समारोह में पहुंचे CM साय, कहा- उनका योगदान अविस्मरणीय
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित निरंजन धर्मशाला में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने अशोक सिंघल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और समाज, संस्कृति तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को याद किया. इस तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय समारोह की शुरुआत छत्तीसगढ़ की पावन धरा से होना प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है.
संस्कृति के लिए समर्पित रहा जीवन
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अशोक सिंघल जी का संपूर्ण जीवन समाज को संगठित करने, सनातन संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्रीय स्वाभिमान को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा. अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण की सदियों पुरानी आकांक्षा को जन-जन से जोड़ने और पूरे देश को एकजुट करने में उनका ऐतिहासिक योगदान रहा. आज अयोध्या धाम में श्री रामलला का भव्य मंदिर उनके तप, त्याग और अटूट संकल्प का ही परिणाम है.
प्रभु श्रीराम और छत्तीसगढ़ का संबंध अत्यंत आत्मीय – CM साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ से प्रभु श्रीराम का संबंध केवल आस्था का नहीं, बल्कि अत्यंत आत्मीय है, क्योंकि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की भूमि और प्रभु राम का ननिहाल है. वनवास काल के दौरान प्रभु राम ने अपना लंबा समय इसी पावन धरा पर बिताया था. शिवरीनारायण में माता शबरी के भक्ति भाव सहित प्रदेश के अनेक स्थान रामायणकालीन स्मृतियों को संजोए हुए हैं. इसी वजह से अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के समय छत्तीसगढ़ से 11 ट्रक सुगंधित चावल अयोध्या भेजे गए थे.
50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
प्रदेशवासियों की अगाध आस्था का सम्मान करते हुए राज्य सरकार द्वारा ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ चलाई जा रही है. मुख्यमंत्री साय ने जानकारी दी कि इस योजना के माध्यम से अब तक छत्तीसगढ़ के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु सरकारी खर्च पर अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्री रामलला के दर्शन कर चुके हैं और यह सिलसिला निरंतर जारी है. सरकार की इस पहल से प्रदेश के बुजुर्गों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और उल्लास देखा जा रहा है.
देश-विदेश के संतों और पदाधिकारियों का हुआ जुटान
अशोक सिंघल जी के जन्म शताब्दी समारोह में देश-विदेश से पधारे अनेक पूज्य संत और प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में संत परमात्मानंद जी महाराज, संत श्री युधिष्ठिर लाल जी, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे. मुख्यमंत्री ने संतों का आशीर्वाद लेते हुए कहा कि अशोक सिंघल जी का जीवन आने वाली नई पीढ़ी को राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता और दृढ़ संकल्प के साथ काम करने की प्रेरणा देता रहेगा.
