सेवा संकल्प अभियान 2026: जशपुर में पीएम आवास योजना ने बदला हजारों परिवारों का जीवन, 96 हजार से अधिक पक्के मकान बनकर तैयार
सेवा संकल्प अभियान 2026: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सपनों को सच करने का माध्यम बन चुकी है. कभी बारिश में टपकती छत और जर्जर दीवारों के साए में रात गुजारने को मजबूर परिवार आज अपने पक्के मकानों में सुरक्षित जीवन जी रहे हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और सुशासन में जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में जरूरतमंदों को पक्के घर उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में ऐतिहासिक सुधार लाया गया है.

1.12 लाख से अधिक आवास स्वीकृत
प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जशपुर जिले में अब तक कुल 1 लाख 12 हजार 948 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं. इनमें से 96 हजार 801 पक्के आवासों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. इन पक्के मकानों के साथ-साथ लाभार्थियों को नल से स्वच्छ पेयजल, बिजली कनेक्शन, शौचालय और एलपीजी गैस जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे परिवारों का जीवन बेहद सुगम हुआ है.

पीएम जनमन योजना से संवर रहा भविष्य
जिले के दुर्गम क्षेत्रों में निवास करने वाली विशेष पिछड़ी जनजाति ‘पहाड़ी कोरवा’ परिवारों तक विकास पहुंचाने में ‘पीएम जनमन’ योजना मील का पत्थर साबित हो रही है. वर्ष 2023 से 2025 तक इस योजना के तहत जशपुर में 2,100 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 1,614 से अधिक मकान बनकर तैयार हो चुके हैं. पक्के घर के साथ ही इन आदिवासी परिवारों को स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और पक्की सड़कों से जोड़कर मुख्यधारा में लाया जा रहा है.
1.02 लाख से अधिक परिवारों का हुआ सर्वे
जिले का कोई भी पात्र व्यक्ति पक्के मकान से वंचित न रहे, इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों पर ‘आवास प्लस 2.0’ अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत पूर्व में छूटे हुए 1 लाख 2 हजार 371 परिवारों का पुनः सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है. सर्वे के बाद पात्र पाए जाने वाले सभी जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़कर पक्का मकान मुहैया कराया जाएगा.
अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा लाभ
प्रदेश में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के तहत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है. जशपुर जिले में 96 हजार से अधिक परिवारों को मिला पक्का मकान इस बात का प्रमाण है कि कभी जिनके लिए अपना घर एक दूर का सपना था, आज वही पक्की छत उनके सुरक्षित वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन चुकी है.
