CG News: छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के नए नियम लागू, हर साल अगस्त में जारी होगा परीक्षा कैलेंडर
CG News: छत्तीसगढ़ में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की भर्ती के लिए बने ‘छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल’ के नए और व्यापक नियम जारी कर दिए गए हैं. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा बनाए गए इन नियमों का मुख्य उद्देश्य सरकारी नौकरियों में चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाना है. पूर्व में व्यापमं (व्यावसायिक परीक्षा मंडल) द्वारा होने वाली इन भर्तियों को अब इस नए मंडल के माध्यम से त्वरित गति से पूरा किया जाएगा.

हर साल अगस्त में जारी होगा कैलेंडर
नए नियमों की सबसे खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा प्रत्येक वर्ष के अगस्त महीने में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की रिक्तियों के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाएगा. इसके साथ ही, राज्य सरकार द्वारा ली जाने वाली अनिवार्य शैक्षणिक और व्यावसायिक प्रवेश या पात्रता परीक्षाओं का संभावित कैलेंडर भी हर साल अगस्त माह में ही प्रकाशित किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा.
30 से 60 दिनों के भीतर पूरी होगी नियुक्ति प्रक्रिया
प्रशासनिक प्रक्रिया को गति देने के लिए सरकार ने दस्तावेज सत्यापन से लेकर जॉइनिंग लेटर जारी करने तक की कड़ी समय-सीमा तय कर दी है. यदि विज्ञापित पदों की संख्या 500 से कम है, तो पूरी प्रक्रिया 30 दिनों के भीतर पूरी की जाएगी. वहीं, 500 से अधिक पद होने पर इस अवधि के लिए अधिकतम 60 दिन की समय-सीमा निर्धारित की गई है. सत्यापन के 10 दिनों के अंदर नियुक्ति पत्र जारी करना और उसके 21 दिनों में अभ्यर्थी का जॉइन करना अनिवार्य होगा.
15 गुना अभ्यर्थियों का चयन
भर्ती परीक्षा के स्वरूप को स्पष्ट करते हुए नियमों में कहा गया है कि मंडल द्वारा बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पद्धति पर समूहवार लिखित परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. जिन पदों में कौशल परीक्षा (Skill Test) या शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Test) अनिवार्य होगी, उनमें लिखित परीक्षा के अंकों और आरक्षण नियमों के आधार पर कुल विज्ञापित पदों के 15 गुना अभ्यर्थियों की ‘सूची-अ’ तैयार की जाएगी.
अर्हकारी परीक्षा पूरा करने का लक्ष्य
चयन प्रक्रिया के द्वितीय चरण (कौशल या शारीरिक परीक्षा) को केवल अर्हकारी (Qualifying) प्रकृति का रखा गया है. संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रथम चरण की सूची प्राप्त होने के 3 महीने के भीतर इस द्वितीय चरण का परीक्षण पूरा करना होगा. इस नई समयबद्ध व्यवस्था से राज्य के लाखों युवाओं को समय पर नौकरी और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली का सीधा लाभ मिलेगा.

