CG News: तीज मिलन में शामिल हुए CM साय, महतारी वंदन और लखपति दीदी योजना का किया जिक्र
CG News: नवा रायपुर में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा की मेजबानी में तीज मिलन उत्सव आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हुए. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह, बहू ऐश्वर्या सिंह सहित प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से महिलाएं और जनप्रतिनिधि पहुंचे. आयोजन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और तीज पर्व से जुड़ी परंपराओं की झलक देखने को मिली.

CM साय ने दी तीज पर्व की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि तीज पर्व महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है. इस दिन विवाहित महिलाएं पति की लंबी उम्र और परिवार में सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए सभी महिलाओं के सौभाग्य और परिवारों की खुशहाली की कामना की. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का भी स्वाद लिया और स्थानीय संस्कृति से जुड़े आयोजनों के महत्व पर बात की.
नारी सम्मान को बताया समाज की पुरानी परंपरा
सीएम साय ने कहा कि भारतीय समाज में महिलाओं को प्राचीन काल से ही सम्मान और महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है. उन्होंने त्रेता, द्वापर और सतयुग का उल्लेख करते हुए कहा कि हर दौर में नारी के सम्मान को महत्व दिया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सम्मान के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है. इसी क्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से माताओं और बहनों को आर्थिक सहायता देने की बात उन्होंने कही.
महतारी वंदन योजना के आंकड़े बताए
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की 68 लाख से ज्यादा माताओं और बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है. उनके मुताबिक, अब तक योजना की 31 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और पौने तीन साल में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी गई है. सीएम ने कहा कि इन योजनाओं का असर महिलाओं के जीवन में दिखाई दे रहा है और अब उन्हें अपने छोटे-छोटे खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने की जरूरत कम हुई है.
13 लाख से ज्यादा महिलाएं बनीं लखपति दीदी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ढाई साल के दौरान 18 लाख से अधिक आवास बनाए गए हैं. बिजली, नल का पानी और गैस जैसी सुविधाओं को परिवारों तक पहुंचाने का काम जारी है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. सीएम साय ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार के प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

One Response