CG News: अंबिकापुर में अग्र महाकुंभ, CM साय ने अग्रसेन जयंती पर सरकारी अवकाश का किया ऐलान
CG News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय अग्र महाकुंभ-2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए. होटल ग्रैंड वसंत में आयोजित 18वें प्रांतीय अधिवेशन और दशम अग्र अलंकरण समारोह में अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे. आयोजन 19 और 20 सितंबर को किया जा रहा है.

अग्रसेन जयंती पर सरकारी अवकाश की घोषणा
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रसेन जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सरकारी अवकाश घोषित करने का ऐलान किया. मुख्यमंत्री की इस घोषणा का कार्यक्रम में मौजूद अग्रवाल समाज के लोगों ने स्वागत किया. यह घोषणा सम्मेलन के प्रमुख आकर्षणों में रही.
अग्रवाल समाज के योगदान की सराहना
मुख्यमंत्री ने अग्रवाल समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक योगदान की सराहना की. उन्होंने समाज को परिश्रमी और सेवा भावना से जुड़ा बताते हुए कहा कि व्यापार और उद्योग के माध्यम से समाज के लोग रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भूमिका निभा रहे हैं. शिक्षा, जरूरतमंद बच्चों की मदद और सामाजिक सेवा के कार्यों का भी उन्होंने उल्लेख किया.
सामाजिक सेवा और शिक्षा पर जोर
अग्र महाकुंभ में समाज की वर्तमान जरूरतों, संगठनात्मक मजबूती और नई पीढ़ी की भागीदारी जैसे विषयों पर भी चर्चा हो रही है. आयोजन में महिला और युवा अधिवेशन, सामाजिक संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां रखी गई हैं. दशम अग्र अलंकरण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किए जाने की भी जानकारी दी गई है.
सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश
अग्र महाकुंभ-2026 का आयोजन ‘सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम’ थीम के साथ किया जा रहा है. सम्मेलन में सामाजिक एकजुटता, सेवा कार्यों, शिक्षा, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हो रहा है. मुख्यमंत्री के पहुंचने पर समाज के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया और कार्यक्रम को लेकर समाज में उत्साह देखने को मिला.

