CG News: चौथा कैंसर कॉन्क्लेव शुरू, CM साय बोले- कैंसर मरीज को भरोसा दिलाना जरूरी कि वह अकेला नहीं
CG News: नवा रायपुर के मेफेयर में चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कॉन्क्लेव का शुभारंभ करते हुए कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल उपचार तक सीमित नहीं होनी चाहिए. बीमारी की रोकथाम, समय पर पहचान और सुलभ इलाज के साथ मरीज का मनोबल बनाए रखना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि मरीज को यह भरोसा मिलना चाहिए कि इस मुश्किल समय में वह अकेला नहीं है.

200 से ज्यादा राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल
‘Restoring Balance to Cancer Care’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में देश-विदेश के विशेषज्ञ कैंसर की रोकथाम, स्क्रीनिंग, उपचार और रिसर्च से जुड़े विषयों पर चर्चा कर रहे हैं. आयोजन में 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं. इस बार स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर पर विशेष चर्चा रखी गई है. मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञों से कैंसर की शुरुआती पहचान और इलाज को ज्यादा सस्ता व सुलभ बनाने वाली तकनीकों पर काम करने का आग्रह किया.

आयुष्मान से 5 लाख, विशेष सहायता योजना से 25 लाख तक मदद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गंभीर बीमारी के दौरान इलाज का खर्च गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है. सरकार की ओर से आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपए तक उपचार सहायता मिल रही है. वहीं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के जरिए जरूरतमंद मरीजों को 25 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. सरकार का उद्देश्य आर्थिक स्थिति को इलाज के रास्ते में बाधा नहीं बनने देना है.
बस्तर में 34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत करीब 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है. इनमें लगभग 40 हजार लोगों में बीमारी की पहचान के बाद उन्हें उपचार से जोड़ा गया है. सरकार दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दे रही है. स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में कैंसर मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने के लिए कैंसर को नोटिफाई करने का फैसला लिया गया है. सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए HPV टीकाकरण को भी मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है.
नवा रायपुर में 100 एकड़ में बनेगी 5000 बेड की मेडिसिटी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में 5000 बिस्तरों की क्षमता वाली मेडिसिटी विकसित की जा रही है. इसका उद्देश्य प्रदेश में सुपर स्पेशियलिटी और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना है. कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री ने कैंसर जागरूकता, स्क्रीनिंग और नई जांच एवं उपचार तकनीकों से जुड़े स्टॉलों का भी निरीक्षण किया. उन्होंने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना की शुरुआत की और विशेषज्ञों से नई तकनीकों को प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर चर्चा की.


One Response