CG News: रायपुर के महादेव घाट में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, CM साय ने खारून नदी की महाआरती में लिया हिस्सा
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इसी कड़ी में रायपुर के महादेव घाट को भी दीपों से सजाने की तैयारी की गई. खारून नदी के तट पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जबकि घाट के आसपास दीप प्रज्वलन और धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गईं.

CM साय ने की खारून नदी की आरती
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को महादेव घाट पहुंचे और ‘आशीर्वाद का दीप—महाआरती’ कार्यक्रम में शामिल हुए. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4:40 बजे महादेवघाट पहुंचे और यहां करीब एक घंटे कार्यक्रम में मौजूद रहे. इस दौरान खारून नदी की आरती और पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ.
हजारों दीयों से जगमगाया घाट
महादेव घाट पर खारून नदी के दोनों किनारों पर हजारों दीप प्रज्वलित किए जाने की व्यवस्था की गई. दीपदान के साथ महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया. आयोजन के दौरान घाट का माहौल धार्मिक और उत्सवी नजर आया.
रायपुर में 25 लाख दीये जलाने का लक्ष्य
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत राजधानी रायपुर में करीब 25 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा पूरे छत्तीसगढ़ में करीब 40 लाख दीये जलाने की योजना है. रायपुर में महादेव घाट के अलावा मरीन ड्राइव सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाने हैं.
सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम को देखते हुए रायपुर प्रशासन और यातायात पुलिस की ओर से सुरक्षा, पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है. महादेव घाट के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री तेलीबांधा मरीन ड्राइव में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं. शहर में भीड़ को देखते हुए लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है.


One Response