CG News: बालोद के देवगहन में 18 शहीदों की प्रतिमाएं, किसान ने सूर्यकुमार यादव को किया अनावरण का न्योता
CG News: देश के शहीद जवानों की याद को जीवित रखने और युवाओं को उनके बलिदान से परिचित कराने के लिए बालोद जिले के देवगहन गांव में शुरू की गई एक पहल अब क्रिकेट जगत तक पहुंच गई है. गांव के किसान और पूर्व सरपंच लोकेंद्र साहू ने मुंबई में भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव से मुलाकात कर उन्हें देवगहन आने और 18 शहीद जवानों की प्रतिमाओं के अनावरण के लिए आमंत्रित किया है. इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सूर्यकुमार यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किए.

खेत के पास बनवाया शहीद स्मारक
अर्जुंदा तहसील के देवगहन गांव के रहने वाले लोकेंद्र साहू ने करीब दो साल पहले अपने खेत के पास सड़क किनारे निजी खर्च से 18 शहीद जवानों की प्रतिमाएं स्थापित कराईं. बताया गया है कि इस पूरी पहल पर करीब 10 लाख रुपये खर्च हुए. इन प्रतिमाओं में कारगिल युद्ध, 26/11 मुंबई आतंकी हमला, पुलवामा हमला, छत्तीसगढ़ में हुए नक्सली हमलों और गलवान घाटी में शहीद हुए सेना एवं पुलिस के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई है.

क्रिकेट से भी रहा है पुराना नाता
लोकेंद्र साहू खुद भी क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं. करीब 25 वर्ष पहले भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने का सपना लेकर वे क्रिकेट कोचिंग के लिए मुंबई पहुंचे थे, हालांकि उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका. इसके बावजूद खेल के प्रति उनका जुड़ाव बना रहा और वे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट समेत अन्य खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं. शहीद प्रतिमाओं का अनावरण किसी भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी से कराने की इच्छा को लेकर उन्होंने शहीद परिवारों के साथ मुंबई में कई बार संपर्क और मुलाकात का प्रयास किया.
सूर्यकुमार यादव को दी 4 क्विंटल की प्रतिमा
इसी सिलसिले में 14 सितंबर को सूर्यकुमार यादव के जन्मदिन के अवसर पर लोकेंद्र साहू ने मुंबई में उनसे मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने सीमेंट से तैयार सूर्यकुमार यादव की करीब 4 क्विंटल वजनी आदमकद प्रतिमा उन्हें भेंट की. बताया गया कि बालोद से मालवाहक वाहन के जरिए प्रतिमा को मुंबई के चेंबूर स्थित सूर्यकुमार यादव के निवास तक पहुंचाया गया था. प्रतिमा देखकर क्रिकेटर ने प्रसन्नता जाहिर की.
देवगहन आने का दिया आश्वासन
मुलाकात के दौरान लोकेंद्र साहू ने सूर्यकुमार यादव को देवगहन आने और वहां स्थापित 18 शहीद जवानों की प्रतिमाओं के अनावरण के लिए आमंत्रित किया. इस पर सूर्यकुमार यादव ने भविष्य में छत्तीसगढ़ आकर देवगहन में शहीदों की प्रतिमाएं देखने और शहीद परिवारों से मुलाकात करने की बात कही. मुलाकात के फोटो और वीडियो उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए जाने के बाद यह पहल सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गई है.

One Response