CG News: रायगढ़ में 16-17 सितंबर को होगी अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता, महिला पहलवान भी लेंगी हिस्सा
CG News: रायगढ़ में आयोजित 41वें चक्रधर समारोह में इस बार कला और संस्कृति के साथ कुश्ती के मुकाबले भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे. समारोह के तहत 16 और 17 सितंबर को मोती महल परिसर में अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. दो दिवसीय प्रतियोगिता में देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से महिला और पुरुष पहलवान हिस्सा लेंगे. अखाड़े में पहलवान विभिन्न भार वर्गों में अपने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन करेंगे.
पुरुष वर्ग में एक लाख रुपए तक पुरस्कार
कुश्ती प्रतियोगिता में पुरुष पहलवानों के लिए तीन भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं. 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में विजेता को एक लाख रुपए, उपविजेता को 51 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले पहलवान को 11 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा. 72 से 79 किलोग्राम वर्ग में प्रथम पुरस्कार 41 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय 9,100 रुपए रखा गया है. वहीं 62 से 71 किलोग्राम वर्ग में विजेता को 21 हजार, उपविजेता को 11 हजार और तीसरे स्थान पर 7,100 रुपए मिलेंगे.
पहली बार महिला पहलवानों के मुकाबले
चक्रधर समारोह के इतिहास में इस बार पहली बार महिला पहलवानों के लिए भी मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं. 71 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार 41 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय 11 हजार रुपए निर्धारित है. वहीं 62 से 70 किलोग्राम भार वर्ग में विजेता को 15 हजार, दूसरे स्थान पर 11 हजार और तीसरे स्थान पर 7 हजार रुपए दिए जाएंगे. महिला पहलवानों की भागीदारी को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है.
उद्घाटन में शामिल होंगे मंत्री और जनप्रतिनिधि
कुश्ती प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया करेंगे. राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी शाम
16 सितंबर की शाम चक्रधर समारोह में कुश्ती के साथ शास्त्रीय और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां भी होंगी. कार्यक्रम की शुरुआत जांजगीर के नीलेश जोगी म्यूजिकल ग्रुप की लोक संगीत प्रस्तुति से होगी. इसके बाद रायगढ़ की डॉ. दीपिका सरकार भरतनाट्यम प्रस्तुत करेंगी. दिल्ली से मौमाला नायक का पांच सदस्यीय दल कथक पेश करेगा, जबकि डॉ. यास्मीन सिंह और उनके 12 कलाकारों का समूह सामूहिक कथक प्रस्तुति देगा. आयोजन समिति ने नागरिकों और खेल प्रेमियों से कार्यक्रम में पहुंचकर पहलवानों और कलाकारों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है.


One Response