CG News: ‘व्यापारी कर संवाद’ अभियान ने बनाया रिकॉर्ड, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
CG News: छत्तीसगढ़ में व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच संवाद बढ़ाने के लिए आयोजित ‘व्यापारी कर संवाद’ अभियान को बड़ी उपलब्धि मिली है. कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स, CAIT छत्तीसगढ़ के इस अभियान को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान दिया गया है. ‘एक प्रदेश-एक दिन-एक संवाद’ की पहल के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में एक ही दिन व्यापारियों और आयकर विभाग के अधिकारियों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए थे.

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मिला सम्मान
इस उपलब्धि के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में CAIT के नेशनल वाइस चेयरमेन और राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने छत्तीसगढ़ की टीम के साथ गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का मेडल और प्रमाण-पत्र प्राप्त किया. गोल्डन बुक की क्षेत्रीय अधिकारी सोनल शर्मा और राजेश शर्मा ने टीम को यह सम्मान प्रदान किया. कार्यक्रम में CAIT के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री अवनीत सिंह और कोषाध्यक्ष विजय पटेल समेत संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
व्यापारियों को दी गई टैक्स प्रक्रिया की जानकारी
अमर पारवानी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को आयकर से जुड़े नियमों, प्रक्रियाओं और जरूरी औपचारिकताओं की जानकारी देना था. कार्यक्रमों में व्यापारियों ने आयकर अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं और सवाल रखे. उन्होंने कहा कि टैक्स नोटिस और आयकर प्रक्रिया को लेकर व्यापारियों के बीच कई बार असमंजस की स्थिति बनती है, ऐसे में सही जानकारी मिलने से परेशानियों को कम किया जा सकता है.
शासन और व्यापारियों के बीच संवाद पर जोर
CAIT ने अभियान में सहयोग के लिए रायपुर के मुख्य आयकर आयुक्त संजीव और आयकर विभाग के अधिकारियों का आभार जताया. अमर पारवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में व्यापार, निवेश और रोजगार को आगे बढ़ाने के लिए सरकार, विभागों और व्यापारिक समुदाय के बीच लगातार संवाद जरूरी है. संगठन ने भविष्य में भी व्यापारियों से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता और संवाद कार्यक्रम जारी रखने की बात कही.
सम्मान 12 लाख व्यापारियों को समर्पित
अमर पारवानी ने कहा कि गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में मिली यह जगह किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों की सामूहिक भागीदारी का परिणाम है. उन्होंने इस सम्मान को प्रदेश के करीब 12 लाख व्यापारियों को समर्पित किया. वहीं, CAIT प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने भी इस उपलब्धि पर व्यापारियों और संगठन की पूरी टीम को बधाई दी. मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान CAIT और युवा CAIT के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे.

One Response